आरोपी के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत की दो मोटरसाइकिलें बरामद
संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 अक्टूबर 202६ (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें,जिनकी कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है,बरामद की हैं। दोनों घटनाओं में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस के अनुसार, पहले मामले में बड़नीझरिया निवासी इन्द्रकमल जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर 2026 की रात उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CGvzDV 1607 घर के सामने से चोरी हो गई। शिकायत पर गांधीनगर थाने में अपराध क्रमांक 646/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(बी) और 303(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। वहीं,दूसरे मामले में डिगमा निवासी राजकुमार यादव ने शिकायत की थी कि 20 अक्टूबर 2026 को भगवानपुर शासकीय हाई स्कूल के बगल से उनकी पत्नी के नाम पर दर्ज मोटरसाइकिल क्रमांक CG30G–0529 चोरी हो गई। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 687/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही छोटे लाल (28),पिता श्याम लाल,निवासी मंजीरा फुलकुंवर पारा,थाना जयनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने दोनों स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त की गईं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को आदतन अपराधी बताया है। पूरी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक इमरान गालिब, आरक्षक सुल्तान अहमद तथा सैनिक संतोष संत और अनिल साहू की सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur