Breaking News

अंबिकापुर@प्लेस ऑफ सेफ्टी से 15 फरार…सुरक्षा व्यवस्था पर ताला या ताला ही गायब?

Share

  • सुरक्षा गृह बना ‘फ्रीडम जोन’! 25 की जगह 36 बच्चे,तीन गार्ड बेबस
  • जघन्य अपराध के किशोर दीवार फांद गए…बाल संरक्षण तंत्र सोता रहा…
  • 15 अपचारी फरारः बाल संरक्षण विभाग की लापरवाही या प्रशासनिक मिलीभगत?
  • अंबिकापुर प्लेस ऑफ सेफ्टी कांड : क्षमता से ज्यादा बच्चे,सुरक्षा ढीली,जवाबदेही शून्य


-न्यूज डेस्क-
अंबिकापुर,17 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। नाम है ‘प्लेस ऑफ सेफ्टी’ — यानी सुरक्षा का स्थान, पर बिशुनपुर स्थित इस बाल गृह से सोमवार रात 15 अपचारी किशोर एक साथ दीवार फांदकर निकल जाएं,तो सवाल उठता हैः सुरक्षा किसके लिए थी — बच्चों के लिए या कागज़ों के लिए? रात करीब 9 बजे भोजन के बाद जब किशोरों को कमरों में ले जाया जा रहा था, तभी हालात ऐसे बदले कि ड्यूटी पर तैनात गार्ड को धक्का देकर कुछ किशोरों ने हमला किया और परिसर की दीवार पार कर गए, तीन गार्ड मौजूद थे; पर 15 किशोर ‘मुक्ति अभियान’ में सफल रहे, पुलिस हरकत में आई, 5 को पकड़ लिया गया, 2 लौट आए, और 8 अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पर असली कहानी दीवार के उस पार नहीं, इस पार की है।
25 की क्षमता,36 का इंतज़ामः समायोजन या अव्यवस्था?
सूत्रों के मुताबिक इस प्लेस ऑफ सेफ्टी की स्वीकृत क्षमता 25 है,लेकिन भीतर 26 से लेकर 36 तक किशोर रखे गए,क्षमता से अधिक बच्चों को रखना क्या सुधारात्मक नीति का हिस्सा है या ‘जगह है तो रख दो’ मॉडल? क्या नियमित निरीक्षण में यह संख्या दिखी नहीं,या दिखकर भी अनदेखी हुई?
16+ आयु,जघन्य अपराध और सुरक्षा ‘हल्की ‘?
यहां 16 से 18 वर्ष के वे किशोर रखे जाते हैं जो हत्या, दुष्कर्म, लूट जैसे गंभीर अपराधों में निरुद्ध हैं,ऐसे मामलों में उच्च स्तरीय सुरक्षा,सत्त निगरानी और नियमित काउंसलिंग अनिवार्य मानी जाती है,फिर 15 किशोर एक साथ योजना बनाकर निकल कैसे गए? क्या सीसीटीवी सक्रिय थे? क्या अलार्म सिस्टम काम कर रहा था? क्या जोखिम आकलन (रिस्क असेसमेंट) नियमित हुआ?
अधिकतर कोरिया-मनेन्द्रगढ़ के…निगरानी कैसी?
बताया जा रहा है कि फरार किशोरों में अधिकतर कोरिया और मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के हैं। यदि पृष्ठभूमि ज्ञात थी,तो क्या विशेष निगरानी प्रोटोकॉल बनाया गया? या ‘सामान्य व्यवस्था’ के भरोसे सब चल रहा था?
तीन गार्ड बनाम 15 किशोरः गणित नहीं…प्रबंधन की हार
तीन गार्ड 15 किशोरों को नहीं रोक पाए। सवाल गार्डों की नीयत का नहीं, प्रशिक्षण और संसाधनों का है,क्या उन्हें भीड़ नियंत्रण,संकट प्रबंधन,या आत्मरक्षा का प्रशिक्षण मिला? क्या पर्याप्त स्टाफिंग मानक लागू हैं? क्या रात्रि पाली में अतिरिक्त सुरक्षा का प्रावधान था?
काउंसलिंगः फाइलों में या हकीकत में?
सुधार गृह का उद्देश्य सुधार है, नियमित मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन, व्यवहारिक परामर्श और पुनर्वास योजना — ये बुनियादी अपेक्षाएं हैं, यदि किशोर सामूहिक रूप से आक्रामक होकर भाग सकते हैं, तो यह संकेत है कि व्यवहारिक निगरानी और काउंसलिंग या तो अपर्याप्त थी या औपचारिकता।
प्रबंधन पर आरोप,जवाबदेही कहाँ?
सूत्रों के हवाले से प्रभारी अधीक्षक की नियमित उपस्थिति और निगरानी पर प्रश्न उठे हैं,प्रभारी बाल संरक्षण अधिकारी को ‘खुली छूट’ जैसी चर्चा भी सामने आई है,(इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि शेष है।) पर यदि इतने संवेदनशील संस्थान में नियमित ऑडिट, आकस्मिक निरीक्षण और जवाबदेही तंत्र मजबूत होता, तो क्या यह घटना इतनी सहज होती?
सुबह पता चला : रात की चूक,दिन की हकीकत
जानकारी बाहर तब आई जब बच्चों के घर फोन कर पूछा गया, बच्चे पहुंचे तो नहीं?’ यानी घटना रात की,संज्ञान सुबह का,क्या आपातकालीन प्रोटोकॉल था? क्या तत्काल हेडकाउंट और अलर्ट सिस्टम सक्रिय हुआ?
पूर्व घटनाएँ,सबक अधूरा?
सूत्रों का दावा है कि पहले भी फरारी के मामले सामने आए थे,यदि यह सही है,तो क्या सुधारात्मक कदम उठे? या हर घटना के बाद एक नई फाइल खुलती है और कुछ समय बाद बंद हो जाती है?
पुलिस सक्रिय,पर प्रणाली की परीक्षा
गांधीनगर थाना पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है,यह आवश्यक कार्रवाई है,परंतु यह भी उतना ही आवश्यक है कि जांच केवल फरार किशोरों की तलाश तक सीमित न रहे, जांच का दायरा होना चाहिए की क्षमता से अधिक निरुद्धीकरण की अनुमति किसने दी? सुरक्षा मानकों का अनुपालन क्यों नहीं हुआ? स्टाफिंग और प्रशिक्षण की स्थिति क्या है? काउंसलिंग और जोखिम मूल्यांकन का रिकॉर्ड क्या कहता है?
व्यंग्य कड़ा है,पर सवाल और कड़े
जब ‘प्लेस ऑफ सेफ्टी’ से 15 किशोर एक साथ निकल जाएं,तो दीवारें नहीं, व्यवस्था दरकती है, यदि सुधार गृह में सुधार की जगह समायोजन और निगरानी की जगह औपचारिकता हो, तो परिणाम सामने है, बाल संरक्षण कोई विभागीय मद नहीं यह समाज के भविष्य की सुरक्षा है, अब देखना है कि यह घटना भी कागज़ी चेतावनी बनकर रह जाएगी,या वाकई जवाबदेही तय होगी, सुरक्षा पुनर्गठित होगी और निरीक्षण सख्त होंगे।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply