इंदौर से छत्तीसगढ़ तक नकली दवाइयों का जाल, ट्रांसपोर्ट की आड़ में खेला जा रहा था जिंदगी से खेल?
रायपुर/भाटापारा/रायगढ़/इंदौर, 16 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। यह कोई साधारण आर्थिक अपराध नहीं… यह सीधा-सीधा जिंदगी पर हमला है, छत्तीसगढ़ में नकली दवाइयों का ऐसा कथित नेटवर्क सामने आया है,जिसे जानकार ‘मौत का मेडिकल माफिया’ कहने लगे हैं, सूत्रों के अनुसार,इंदौर से दवाइयों की सप्लाई कर उन्हें असली बताकर छत्तीसगढ़ के बाजारों में उतारा जा रहा था,पैकेजिंग चमकदार,रैपर भरोसेमंद,एमआरपी प्रिंटेड—सब कुछ सही, लेकिन अंदर की गोलियां…क्या वे सचमुच वही थीं जो लिखी गई थीं? यह रिपोर्ट उपलब्ध दस्तावेजों,ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड,सूत्रों और प्राथमिक जांच सूचनाओं पर आधारित है,अंतिम सत्य आधिकारिक लैब रिपोर्ट और न्यायिक प्रक्रिया से स्पष्ट होगा,लेकिन एक बात साफ है—अगर यह नेटवर्क सच है, तो छत्तीसगढ़ को अब उदाहरण पेश करने वाली सख्त कार्रवाई की जरूरत है।
‘गोल्डन’ रास्ता या काला खेल?
सूत्रों का दावा है कि इंदौर स्थित माँ बीजासेन ट्रेडिंग से माल बुक होता था, परिवहन के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल होता था — नागपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट, गंतव्य? भाटापारा की प्रेम प्रकाश एजेंसी व सारंगढ़ की सरस्वती मेडिकोज दावा यह भी है कि यह सिलसिला एक-दो महीने नहीं, बल्कि पिछले लगभग पांच वर्षों से चल रहा था।
मुनाफा बनाम मानव जीवन
अगर आरोप सही हैं, तो यह सिर्फ माफिया नहीं — यह ‘साइलेंट किलिंग सिंडिकेट’ है, नकली दवा सिर्फ पैसा नहीं कमाती—यह इलाज मारती है, यह भरोसा मारती है, और कभी-कभी… इंसान भी।
सप्लाई चेन या संरक्षण चेन?
दस्तावेज़ी रिकॉर्ड और ट्रांसपोर्ट एंट्री यह संकेत देते हैं कि दवाइयों की खेप नियमित अंतराल पर भेजी गई, सवाल यह है—अगर यह सब अवैध था,तो इतने लंबे समय तक बिना बाधा कैसे चलता रहा? खोजी सूत्रों का दावा है कि यह नेटवर्क केवल कारोबारी समझ का परिणाम नहीं था,बल्कि ‘ऊपर तक’ संपर्कों के सहारे संचालित हो रहा था, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है,लेकिन जानकार मानते हैं कि बिना प्रशासनिक या राजनीतिक ढाल के इतने बड़े पैमाने पर जोखिम भरा कारोबार टिक पाना कठिन होता है।
असली पैकेजिंग,संदिग्ध कंटेंट?
सूत्रों के मुताबिकः दवाइयां ब्रांडेड रैपर में आती थीं,बैच नंबर,एमआरपी, मैन्युफैक्चरिंग डिटेल—सब कुछ मानक जैसा, लेकिन आरोप है कि अंदर की गुणवत्ता संदिग्ध थी,यदि सक्रिय तत्व मानक के अनुरूप न हों, तो दवा इलाज नहीं, भ्रम बन जाती है, और यही भ्रम सबसे खतरनाक है—क्योंकि मरीज, डॉक्टर और परिवार—सभी को भरोसा रहता है कि इलाज हो रहा है।
कार्रवाई और उसके बाद की चुप्पी
दिसंबर 2025 में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में दवाइयां पकड़ी गईं, नमूने लैब भेजे गए, लेकिन उसके बाद सार्वजनिक डोमेन में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई, यहीं से ‘सिस्टम के भीतर सिस्टम’ की चर्चा तेज हुई,कुछ सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई की दिशा और दायरा सीमित रखने का प्रयास हुआ,हालांकि यह दावा भी जांच का विषय है।
अब स्वास्थ्य मंत्री को
खुद संभालनी होगी कमान
छत्तीसगढ़ में यदि नकली या संदिग्ध दवाइयों का नेटवर्क सक्रिय होने के आरोप सामने आ रहे हैं, तो यह केवल प्रशासनिक स्तर का मामला नहीं है—यह सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य से जुड़ा प्रश्न है, दवा सिर्फ व्यापारिक वस्तु नहीं होती,यह जीवन और मृत्यु के बीच खड़ी अंतिम उम्मीद होती है,ऐसे में यदि दवाइयों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं,तो राज्य के स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका स्वतः महत्वपूर्ण हो जाती है।
क्यों जरूरी है मंत्री स्तर की दखल?
– जनविश्वास बहाल करना-जब लोगों को संदेह होने लगे कि बाजार में बिक रही दवा असली है या नहीं,तो स्वास्थ्य व्यवस्था की विश्वसनीयता कमजोर पड़ती है। मंत्री का सार्वजनिक हस्तक्षेप भरोसा बहाल कर सकता है।
– स्वतंत्र जांच की घोषणा-यदि आरोप गंभीर हैं, तो उच्चस्तरीय या न्यायिक जांच का आदेश दिया जाना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की राजनीतिक या प्रशासनिक हस्तक्षेप की आशंका खत्म हो।
– राज्यव्यापी विशेष अभियान – मेडिकल दुकानों,थोक एजेंसियों और ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड की व्यापक जांच कर स्पष्ट संदेश दिया जा सकता है कि जनस्वास्थ्य से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।
– लैब रिपोर्ट सार्वजनिक करना – जब्त नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करने से पारदर्शिता बढ़ेगी और अफवाहों पर विराम लगेगा।
असली जैसा रैपर, अंदर ‘खाली इलाज’?
खोजी सूत्र बताते हैं की दवाइयां कम कीमत पर उठाई जाती थीं, बाजार में एमआरपी पर बेची जाती थीं, मुनाफा कई गुना, लेकिन अगर सक्रिय तत्व ही न हो, तो दवा इलाज नहीं — धोखा बन जाती है, एंटीबायोटिक अगर बेअसर हो, तो संक्रमण बढ़ता है, गंभीर बीमारी की दवा अगर नकली हो, तो मरीज का भरोसा ही नहीं — जान भी दांव पर लग जाती है।
दिसंबर 2025ः जब पहली बार पर्दा हटा
दिसंबर 2025 में कथित तौर पर बड़ी खेप पकड़ी गई, नमूने जब्त हुए, जांच शुरू हुई, लेकिन सवाल यह है, क्या यह नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कार्रवाई थी या सिर्फ एक सतही कदम? कुछ सूत्रों का आरोप है कि इस कारोबार को वर्षों से राजनीतिक संरक्षण मिलता रहा, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, चौंकाने वाली बात यह कि जानकार इसे ‘सिस्टम के भीतर सिस्टम’ बताते हैं — जहां बिना संरक्षण के इतने बड़े पैमाने पर सप्लाई संभव नहीं।
सवाल सरकार से भी…
यह मुद्दा केवल विपक्ष या सत्ता का नहीं है, यदि यह नेटवर्क वर्षों से सक्रिय रहा, तो इसका मतलब है कि निगरानी तंत्र में कहीं न कहीं कमजोरी रही है,ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री के सामने दोहरी जिम्मेदारी है,वर्तमान में चल रहे किसी भी अवैध नेटवर्क को रोकना और भविष्य के लिए ऐसी प्रणाली विकसित करना जो नकली दवाइयों को बाजार तक पहुंचने ही न दे,यदि दोषी पाए जाते हैं,तो केवल लाइसेंस रद्द करना पर्याप्त नहीं होगा, उदाहरणात्मक दंड और आपराधिक कार्रवाई ही भविष्य में ऐसे गिरोहों को हतोत्साहित कर सकती है।
क्या यह राजनीति से परे है?
सूत्रों का आरोप है कि यह नेटवर्क किसी एक दल या एक सरकार तक सीमित नहीं रहा,वर्षों से अलग-अलग दौर में संरक्षण के सहारे काम चलता रहा,यह आरोप गंभीर हैं,और यदि इनमें सच्चाई है,तो यह केवल आपराधिक मामला नहीं,बल्कि संस्थागत विफलता का संकेत है।
जांच क्यों मुश्किल?-
नेटवर्क में जुड़े लोग सामने नहीं आते,अंदरूनी सूचना (टिप-ऑफ) मिलना दुर्लभ होता है,वित्तीय लेन-देन कई स्तरों पर विभाजित रहता है,छोटे डीलर अनजाने में भी सप्लाई चेन का हिस्सा बन सकते हैं,यही वजह है कि ‘सिस्टम के भीतर सिस्टम’ लंबे समय तक छिपा रहता है।
कैसे फैलता है जहर?
सूत्रों के मुताबिक
- बड़े डीलर माल लेते हैं।
- वही माल छोटे मेडिकल स्टोर्स तक जाता है।
- गांव-कस्बों में दवाइयां पहुंचती हैं।
- डॉक्टर पर्चा लिखता है।
- मरीज भरोसे से दवा खरीदता है, और यहीं से शुरू होता है असली खतरा, इलाज की जगह मिलती है सिर्फ उम्मीद का धोखा।
पहले भी उठे थे नाम-
रायपुर के लालपुर क्षेत्र में पहले भी कथित तौर पर ‘शिशुपाल’ नाम सामने आया था,जिसकी दुकान अब बंद बताई जाती है,लेकिन सवाल वही—क्या चेहरे बदले हैं या खेल?
अब प्रदेश के सामने बड़े सवाल
– जब्त दवाओं की लैब रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं?
– सप्लाई चेन की वित्तीय जांच कब होगी?
– ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड की फॉरेंसिक ऑडिट होगी या नहीं?
– राजनीतिक संरक्षण के आरोपों की स्वतंत्र जांच कौन करेगा?
– क्या पूरे प्रदेश में मेडिकल दुकानों की सघन जांच होगी?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur