@ बंद पड़े स्कूलों को खोलने में निभाई थी अहम भूमिका
@ जन अदालत में की डंडों से पिटाई
सुकमा,15 सितम्बर 2024 (ए)। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते जा रहे दबाव से बौखलाए नक्सलियों ने खून-खराबा तेज कर दिया है। सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में एक बार फिर से नक्सलियों ने बर्बरता दिखाई है। यहां नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर शिक्षादूत की लाठी-डंडों से पिटाई की। उसके बाद रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
नक्सलियों ने शिक्षक दूधी अर्जुन पिता दूधी मंगड़ू निवासी गोंडपल्ली की हत्या कर दी। सुकमा पुलिस के अनुसार, इस हत्या में शामिल नक्सलियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटना के संबंध में जगरगुंडा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस घटना की गहन जांच में जुटी हुई है।
बंद पड़े स्कूलों को खुलवाने का दिया ये इनाम
बता दें कि मृतक दुधी अर्जुन ने नक्सलियों के डर के बावजूद बंद पड़े स्कूलों को खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस हत्या के पीछे नक्सलियों का आरोप है कि अर्जुन ने उनकी गतिविधियों के खिलाफ काम किया और उनके द्वारा चलाए जा रहे जनसहायता कार्यों का विरोध किया।सुकमा के एसपी किरण चव्हाण ने इस घटना की पुष्टि की और बताया कि नक्सलियों द्वारा की गई यह हत्या बेहद दुखद और निंदा की जाने वाली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur