जगदलपुर,27 मार्च 2024 (ए)। शराब के नशे में हर रोज स्कूल पहुंचने वाले शिक्षक को चप्पल लेकर दौड़ाते स्कूली बच्चों का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम ने इस मामले को संज्ञान में लिया है। उनके निर्देश पर डीईओ ने ममले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह वाकया बस्तर विकासखंड के प्राथमिक शाला पलीभाटा का है। जहां एक शराबी शिक्षक से परेशान बच्चों ने उसे सबक सिखाने की योजना बनाई और जैसे ही शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचा, बच्चों ने उस पर चप्पल और जूतों की बौछार कर दी। ऐसे में शिक्षक मौके से निकल भागा। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक रोजाना शराब के नशे में स्कूल आया करता है और घटना के वक्त भी वह नशे की हालत में स्कूल पहुंचा था।कलेक्टर विजय दयाराम ने कहा है कि जांच पूरी होते ही शराबी शिक्षक पर कार्यवाही होगी। बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम ने बस्तर बीईओ को मामले में जांच कर रिपोर्ट मांगी है। जांच में दोषी पाए जाने पर शिक्षक का तत्काल निलंबन होगा।
पहली बार हुआ
इस तरह का वाकया
छत्तीसगढ़ में लगभग हर रोज किसी न किसी स्कूल से शराबी शिक्षकों के ड्यूटी पर पहुंचने की खबर आती ही रहती है। ऐसे शिक्षकों का वीडियो वायरल भी होता है और कार्रवाई भी की जाती है, मगर ऐसा पहली बार हुआ है, जब बच्चों ने ऐसे शिक्षक से परेशान होकर उसके ऊपर जुते-चप्पल की बारिश कर दी हो। अमूमन ग्रामीण स्कूलों के बच्चे सीधे-सादे होते हैं। वे इतनी हिम्मत भी नहीं कर पाते कि शराबी शिक्षक के बारे में अपने पालकों को शिकायत कर सकें। माना जा रहा है कि इस शराबी शिक्षक को सबक सिखाने की नीयत से स्कूल के अन्य शिक्षकों या फिर किसी जागरूक शख्स ने इन्हें प्रोत्साहित किया हो। स्कूली बच्चों द्वारा किये गए इस कार्य का वीडियो काफी वायरल हुआ है और लोग इन बच्चों की सराहना कर रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur