Breaking News

जशपुरनगर@पीडब्ल्यूडी सचिव का औचक निरीक्षण : अमानक भवन निर्माण पर उप अभियंता निलंबित,सड़कों की धीमी गति पर जताई नाराजगी

Share


जशपुर दौरे पर सख्त दिखे पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश बंसल, बगीचा पॉलिटेक्निक भवन में अनियमितता पर उप अभियंता सस्पेंड; समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

-संवाददाता-
जशपुरनगर,20 नवम्बर 2026। (घटती-घटना)। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने आज जशपुर जिले के प्रवास के दौरान जशपुर और पत्थलगांव संभाग में चल रहे सड़क व भवन निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता और धीमी रफ्तार देख सचिव ने कड़ी नाराजगी जताई और बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के अमानक कार्य पर उप अभियंता श्री रमेश प्रसाद सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। सचिव के निर्देश पर प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा निलंबन आदेश जारी कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है।
प्रमुख सड़कों की समीक्षा और समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश : निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने जिले की तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों व ठेकेदारों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए काम में तेजी लाने की हिदायत दीः
लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग (41 किमी)ः केंद्रीय सड़क निधि के तहत बन रहे इस स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण कार्य, निर्माण एजेंसी की प्रयोगशाला और डामर प्लांट का जायजा लेकर गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जशपुर-सन्ना मार्ग (17.60 किमी)ः 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत इस सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
आस्ता-कुसमी मार्ग (28 किमी)ः 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये की लागत वाले इस मार्ग के उन्नयन कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की सख्त हिदायत दी।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद : समीक्षा बैठक में सचिव ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों का सतत पर्यवेक्षण करने को कहा। इस निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता श्री व्ही.के. भतपहरी,सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री के.पी. संत,अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता श्री आर.एस. तोमर,कार्यपालन अभियंता (पत्थलगांव) श्री ए.डी. बंजारा और कार्यपालन अभियंता (जशपुर) श्री क्षीरसागर सेठ मौजूद रहे।


Share

Check Also

सूरजपुर/चांदनी बिहारपुर@ 15 महीने से सोलर प्लांट ऑपरेटरों को नहीं मिला मानदेय, आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मचारी

Share चांदनी बिहारपुर के पहाड़ी अंचल के करीब दो दर्जन गांवों में सोलर प्लांट के …

Leave a Reply