

चांदनी बिहारपुर के पहाड़ी अंचल के करीब दो दर्जन गांवों में सोलर प्लांट के संचालन पर उठे सवाल,बकाया भुगतान को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
-संवाददाता-
सूरजपुर/चांदनी बिहारपुर 20 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत चांदनी बिहारपुर के पहाड़ी अंचल में बिजली की समस्या दूर करने के उद्देश्य से क्रेडा विभाग द्वारा करीब दो दर्जन गांवों में सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं, इन सोलर प्लांटों के माध्यम से ग्रामीणों को बिजली सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्लांट के नियमित संचालन के लिए विभाग द्वारा ऑपरेटरों की नियुक्ति की गई थी,लेकिन विभागीय व्यवस्था की विडंबना देखिए कि गांवों में सोलर प्लांट को चालू और बंद करने की जिम्मेदारी संभालने वाले ऑपरेटरों को पिछले 15 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है,लंबे समय से मेहनताना नहीं मिलने के कारण ऑपरेटर आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
हर महीने मिलता था भुगतान, अब 15 महीने से इंतजार-जानकारी के अनुसार,क्रेडा विभाग द्वारा पहाड़ी एवं दूरस्थ अंचल के गांवों में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सोलर पावर प्लांट लगाए गए थे,इन प्लांटों के संचालन, नियमित रूप से चालू-बंद करने और बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर ऑपरेटर रखे गए थे, शुरुआत में ऑपरेटरों को प्रत्येक महीने उनके कार्य के एवज में निर्धारित मजदूरी का भुगतान किया जाता था, इससे वे नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, लेकिन पिछले 15 महीने से भुगतान नहीं होने के कारण उनके सामने परिवार का भरण-पोषण और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की समस्या खड़ी हो गई है।
बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए रखे गए थे ऑपरेटर– ग्रामीणों का कहना है कि चांदनी बिहारपुर क्षेत्र का पहाड़ी अंचल होने के कारण कई गांव आज भी बिजली की नियमित सुविधा के लिए सोलर पावर प्लांट पर निर्भर हैं, इसी समस्या को देखते हुए क्रेडा विभाग द्वारा गांवों में सोलर प्लांट स्थापित कर ऑपरेटरों की व्यवस्था की गई थी, ताकि समय पर प्लांट चालू और बंद हो तथा ग्रामीणों को बिजली मिलती रहे, लेकिन जब ऑपरेटरों को ही लंबे समय से मानदेय नहीं मिल रहा है तो ऐसे में व्यवस्था का नियमित संचालन भी प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है, ग्रामीणों का कहना है कि योजना के संचालन के लिए जिम्मेदार विभाग को ऑपरेटरों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
योजना का लाभ दिलाने के बजाय ऑपरेटरों की परेशानी बढ़ी- शासन की मंशा थी कि पहाड़ी अंचल के दूरस्थ गांवों में सोलर बिजली के माध्यम से लोगों को राहत मिले और ग्रामीणों को अंधेरे में रहने की मजबूरी से छुटकारा मिल सके, इसके लिए लाखों रुपये खर्च कर सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए तथा उनके संचालन के लिए ऑपरेटर भी रखे गए, लेकिन 15 महीने से मानदेय नहीं मिलने का मामला विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है,एक ओर ऑपरेटर अपनी जिम्मेदारी निभाने के बावजूद भुगतान के इंतजार में हैं,वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों को भी सोलर बिजली व्यवस्था के सुचारू संचालन की चिंता सता रही है।
कलेक्टर से जांच कर बकाया भुगतान कराने की मांग…
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने सूरजपुर कलेक्टर से हस्तक्षेप करने की मांग की है,ग्रामीणों का कहना है कि क्रेडा विभाग द्वारा नियुक्त ऑपरेटरों के पिछले 15 महीनों के बकाया मानदेय की जांच कर तत्काल भुगतान कराया जाए। साथ ही सोलर पावर प्लांटों की वर्तमान स्थिति की भी गांववार जांच कराई जाए,ताकि यह पता चल सके कि कितने प्लांट नियमित रूप से संचालित हैं और कितने बंद पड़े हैं,ग्रामीणों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए लापरवाही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाए,जिससे पहाड़ी अंचल के गांवों में सोलर बिजली व्यवस्था सुचारू हो सके और ऑपरेटरों को भी उनके कार्य का मेहनताना समय पर मिल सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur