देवेंद्र प्रभार मुक्त,पाढ़ी ओडिशा,नरेश गुजरात संभालेंगे,भाजपा बोली-गुटबाजी का असर
रायपुर,20 नवम्बर २0२6। कांग्रेस ने संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 81 सचिवों की नियुक्ति और जिम्मेदारियों में बदलाव की सूची जारी की है। इसके तहत छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव भी बदल दिए गए हैं। अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले यह जिम्मेदारी विजय जांगिड और एसए संपत कुमार संभाल रहे थे। वहीं,जरिता लैतफलांग को छत्तीसगढ़ के प्रभार से मुक्त कर नॉर्थ ईस्ट के राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। इस फेरबदल में छत्तीसगढ़ के नेताओं को भी दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी मिली है। कोको पाढ़ी को ओडिशा और नरेश ठाकुर को गुजरात का प्रभार सौंपा गया है। कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों को लेकर प्रेस रिलीज जारी की है। पार्टी के मुताबिक,सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इस फेरबदल को भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस की गुटबाजी का नतीजा बताया है।
देवेंद्र यादव समेत 25 नेताओं को हटाया : फेरबदल के तहत भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वे गुजरात पीसीसी के प्रभारी सचिव थे। उनके अलावा विजय जांगिड और एसए संपत कुमार समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटाया गया है।
कई राज्यों और विभागों में भी बदलाव :AICC की नई सूची में मध्यप्रदेश,उत्तरप्रदेश,महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात,बिहार, झारखंड,ओडिशा,पंजाब, हरियाणा,कर्नाटक,केरल,असम,तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में नई नियुक्तियां की गई हैं। राज्यों के अलावा संचार,प्रचार-प्रसार, मीडिया,सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया विभागों में भी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पार्टी ने सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
कोको पाढ़ी को ओडिशा,नरेश ठाकुर को गुजरात की जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ के नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं,नरेश ठाकुर को गुजरात पीसीसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तरह जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह छत्तीसगढ़ में संगठन का काम देखेंगे,जबकि कोको पाढ़ी और नरेश ठाकुर दूसरे राज्यों में पार्टी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur