Breaking News

अम्बिकापुर@गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी-शालिग्राम का कराया विवाह,छोटी दिवाली की तरह मना देवउठनी एकादशी

Share


बाजार में रही रौनक,गन्ना 50-60 रुपए जोड़ी बिका, आतिशबाजी के साथ घरों में हुई पूजा-अर्चना,मांगलिक कार्य शुरू


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिला मुख्यालय अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। घरों में गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया गया। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। सरगुजा में देवउठनी एकादशी को छोटी दिवाली के रूप में मनाने की परंपरा है। इसी के चलते शहर के बाजारों में दिवाली जैसी रौनक देखने को मिली। पर्व को लेकर सुबह से ही बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। गन्ना,फूल-माला और पूजा सामग्री की जमकर बिक्री हुई। एक दिन पहले
से ही शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के किसान गन्ना लेकर बाजार पहुंचने लगे थे। गन्ना 50 से 60 रुपए जोड़ी बिका। इसके अलावा पूजा में उपयोग होने वाले फूल-माला और शकरकंद की भी लोगों ने खरीदारी की।
घरों में सजे गन्ने के मंडप,हुई आतिशबाजी : देवउठनी एकादशी पर लोगों ने दिवाली की तरह घरों की साफ-सफाई की और शाम को आंगन में आकर्षक रंगोली बनाई। इसके बाद गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया। पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने घरों के बाहर दीप जलाए। रात में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं। पूरे शहर में देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा।
देवउठनी एकादशी से शुरू हुए मांगलिक कार्य : धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु देवशयनी एकादशी पर चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है। इसके बाद विवाह,गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।


Share

Check Also

रायपुर@ छत्तीसगढ़ के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Share तूफान अकवान से बदला मौसम,रायपुर में बूंदाबांदीरायपुर,20 नवम्बर 2026 । छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान …

Leave a Reply