भोपाल,20 नवम्बर 2026। भोपाल के वैज्ञानिकों ने मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए दुनिया की पहली स्वदेशी वैक्सीन बनाई है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को इसे देश को समर्पित किया। एक डोज की कीमत 1 से 2 रुपए होगी। पहली डोज के 21 दिन बाद बूस्टर देना होगा और इसका असर 6 महीने तक रहेगा। शिवराज ने भोपाल के CAR-NIHSAD में 300 करोड़ रुपए की लागत से BSL-4 लैब बनाने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि वैक्सीन बनाने के दौरान वैज्ञानिकों को कड़े सुरक्षा नियमों का पालन करना पड़ा। घर पहुंचने पर उन्हें 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था। रिसर्च के दौरान घर में पालतू जानवर रखने की भी मनाही थी। शिवराज ने वैक्सीन को जल्द बाजार में लाने के निर्देश दिए। इसके लिए तकनीक एग्रीनोवेट इंडिया के जरिए व्यावसायिक उत्पादन के लिए दी जाएगी। ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट के मुताबिक, HzN1 के इस वैरिएंट की यह दुनिया की पहली वैक्सीन है।
शिवराज बोले…पशु चलते-फिरते एटीएम हैं…
शिवराज सिंह चौहान ने कहा- पशुपालन किसानों की कमाई का बड़ा जरिया है। पशुओं में बीमारियों से किसानों को भारी नुकसान होता है। उन्होंने बताया कि पशुओं की बीमारियों से हर साल करीब 56 हजार करोड़ रुपए का नुकसान होता है। शिवराज ने कहा- मुंहपका-खुरपका से 22 हजार करोड़, लंपी से 20 हजार करोड़,ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ और पीपीआर से 4,683 करोड़ रुपए का नुकसान शामिल है। शिवराज ने कहा- वैक्सीन की तकनीक एग्रीनोवेट इंडिया के जरिए व्यावसायिक उत्पादन के लिए दी जाएगी।
2047 में भोपाल का योगदान याद रखा जाएगा…
खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा- यह वैक्सीन ‘जय जवान-जय किसान,जय विज्ञान और जय अनुसंधान’ की सोच का नतीजा है। उनके भाई ने जब पोल्ट्री व्यवसाय शुरू किया था, तब बर्ड फ्लू सबसे बड़ा डर था। विकसित भारत 2047 में भोपाल का योगदान याद रखा जाएगा। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कहा- इस उपलब्धि से भोपाल को दुनिया में गौरव मिला है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur