Breaking News

सूरजपुर@ अब सूरजपुर के हुनरमंद बनेंगे जिले की तरक्की के भागीदार कलेक्टर रेना जमील ने शुरू किया ‘कौशल दान अभियान’

Share


किसी के पास शिक्षा का ज्ञान तो किसी के पास कला,खेल,तकनीक और व्यवसाय का अनुभव, अब अपनी प्रतिभा दूसरों को सिखाकर समाज के विकास में दे सकेंगे योगदान
जनभागीदारी से कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा,उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को मिलेगा ‘महीने का स्वयंसेवक’ सम्मान
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,20 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
किसी व्यक्ति के पास वर्षों का शैक्षणिक अनुभव है, कोई संगीत और नृत्य की बारीकियों में पारंगत है, तो कोई खेल, कंप्यूटर, तकनीक, कृषि अथवा व्यवसाय के क्षेत्र में विशेष दक्षता रखता है, लेकिन अक्सर व्यक्तिगत प्रतिभा और अनुभव सीमित दायरे में ही रह जाते हैं, यदि यही हुनर जरूरतमंदों,युवाओं और नई चीजें सीखने के इच्छुक लोगों तक पहुंच जाए तो समाज में कौशल विकास की एक नई व्यवस्था खड़ी हो सकती है,इसी सोच को धरातल पर उतारने की दिशा में सूरजपुर जिला प्रशासन ने अभिनव पहल करते हुए ‘कौशल दान अभियान’ की शुरुआत की है। कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य जिले के हुनरमंद नागरिकों के ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता को समाज के व्यापक हित से जोड़ना है, इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में दक्षता रखने वाले नागरिक स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएं देकर दूसरे लोगों को प्रशिक्षित कर सकेंगे, यह अभियान केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य,खेल,कला,संगीत,नृत्य, कंप्यूटर,तकनीकी कार्य,कृषि और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास करेगा,जिला प्रशासन की इस पहल के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि समाज के विकास में योगदान देने के लिए केवल आर्थिक संसाधन ही जरूरी नहीं हैं,बल्कि किसी व्यक्ति का ज्ञान,अनुभव और हुनर भी समाज की बड़ी पूंजी हो सकता है,जरूरत है तो केवल उस हुनर को साझा करने की इच्छाशक्ति की।
हुनर को व्यक्तिगत उपलब्धि से निकालकर सामाजिक उपयोग से जोड़ने की पहल
सामान्य तौर पर किसी व्यक्ति की विशेषज्ञता उसके अपने कार्यक्षेत्र तक सीमित रहती है,कोई शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाने में दक्ष होता है,कोई कलाकार संगीत या नृत्य की शिक्षा दे सकता है,कोई खिलाड़ी युवाओं को खेल का प्रशिक्षण दे सकता है,तो कोई तकनीकी विशेषज्ञ कंप्यूटर और डिजिटल कार्यों की जानकारी साझा कर सकता है,‘कौशल दान अभियान’ इन सभी प्रतिभाओं को समाज के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में एक मंच उपलब्ध कराने का प्रयास है, इसके माध्यम से इच्छुक नागरिक अपनी विशेषज्ञता और उपलब्ध समय के अनुसार स्वैच्छिक सेवाएं दे सकेंगे, इससे एक ओर अनुभवी लोगों का ज्ञान दूसरों तक पहुंचेगा, वहीं दूसरी ओर सीखने के इच्छुक नागरिकों को व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा, इस पहल की विशेषता यह है कि इसमें केवल पेशेवर विशेषज्ञ ही नहीं,बल्कि अपने अनुभव और व्यावहारिक दक्षता के आधार पर किसी क्षेत्र में विशेष योग्यता रखने वाले नागरिक भी योगदान दे सकते हैं।
शिक्षा से लेकर खेल और तकनीक तक,हर क्षेत्र के हुनरमंदों के लिए अवसर,अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों को स्वयंसेवक के रूप में जुड़ने का अवसर दिया है…
शिक्षा एवं प्रशिक्षण : शिक्षण कार्य में अनुभवी शिक्षक विद्यार्थियों और जरूरतमंदों को विषय संबंधी मार्गदर्शन तथा अध्ययन में सहयोग दे सकते हैं।
कला एवं संस्कृति : संगीत,गायन,नृत्य और अन्य कलात्मक विधाओं में दक्ष नागरिक अपनी प्रतिभा नई पीढ़ी के साथ साझा कर सकते हैं।
खेल एवं फिटनेस : विभिन्न खेलों में अनुभव रखने वाले खिलाड़ी और फिटनेस के क्षेत्र में दक्ष व्यक्ति युवाओं को मार्गदर्शन दे सकते हैं।
कंप्यूटर एवं तकनीक : कंप्यूटर,तकनीकी कार्यों और डिजिटल दक्षता रखने वाले नागरिक इच्छुक लोगों को नई तकनीक सीखने में सहयोग कर सकते हैं।
स्वास्थ्य : स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाले नागरिक अपनी निर्धारित योग्यता एवं विशेषज्ञता के अनुरूप जागरूकता और मार्गदर्शन संबंधी सेवाएं दे सकते हैं।
कृषि एवं व्यवसाय : कृषि,उद्यमिता और व्यवसाय के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले लोग अपनी व्यावहारिक जानकारी साझा कर दूसरों की क्षमता विकसित करने में योगदान दे सकते हैं, इस प्रकार अभियान के माध्यम से जिले में उपलब्ध अलग-अलग प्रकार की प्रतिभाओं को एक-दूसरे से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
युवाओं के लिए साबित हो सकता है सीखने और आगे बढ़ने का अवसर
जिले में ऐसे अनेक युवा हैं,जो कुछ नया सीखना चाहते हैं,लेकिन उन्हें उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण के अवसर हमेशा उपलब्ध नहीं हो पाते। कई बार संसाधनों की कमी के कारण प्रतिभाशाली युवा अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ पाते,ऐसी परिस्थितियों में अनुभवी नागरिकों का मार्गदर्शन उनके लिए उपयोगी साबित हो सकता है,यदि किसी युवा को अपने ही क्षेत्र में किसी अनुभवी शिक्षक, खिलाड़ी, कलाकार, तकनीकी विशेषज्ञ या व्यवसायी से सीखने का अवसर मिलता है तो उसके कौशल और आत्मविश्वास में वृद्धि हो सकती है, ‘कौशल दान अभियान’ के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की संभावना बनेगी,इससे जिले की प्रतिभाओं को जिले के भीतर ही सीखने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिल सकता है।
जनभागीदारी से बनेगा ज्ञान और अनुभव साझा करने का मंच
जिला प्रशासन की इस पहल का महत्वपूर्ण पक्ष जनभागीदारी है,इसमें सरकार की भूमिका केवल योजना शुरू करने तक सीमित नहीं है,बल्कि नागरिकों को अपने स्तर पर समाज के लिए योगदान देने के लिए प्रेरित करना भी है,समाज में ऐसे अनेक लोग हैं,जिनके पास वर्षों का अनुभव और विशेष दक्षता है,यदि वे अपने समय का कुछ हिस्सा दूसरों को सिखाने में लगाते हैं तो इससे सामाजिक सहयोग की नई परंपरा विकसित हो सकती है,अभियान का उद्देश्य भी यही है कि जिले के मानवीय संसाधनों और स्थानीय प्रतिभाओं का उपयोग केवल व्यक्तिगत स्तर पर नहीं,बल्कि सामुदायिक विकास के लिए किया जाए, इससे सामाजिक उत्तरदायित्व,आपसी सहयोग और स्वैच्छिक सेवा की भावना को मजबूती मिल सकती है।
उत्कृष्ट काम करने वाले स्वयंसेवकों को मिलेगा सम्मान
जिला प्रशासन ने अभियान से जुड़ने वाले स्वयंसेवकों का उत्साह बढ़ाने के लिए सम्मान की व्यवस्था भी की है,इसके अंतर्गत प्रतिमाह उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवक को ‘महीने का स्वयंसेवक’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा, इसके अतिरिक्त उल्लेखनीय और उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा,इस व्यवस्था का उद्देश्य उन नागरिकों के योगदान को पहचान देना है, जो अपने निजी समय और अनुभव का उपयोग समाज के दूसरे लोगों के कौशल विकास में करेंगे। इससे अन्य नागरिकों को भी अभियान से जुड़ने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।
महज दो मिनट में ऑनलाइन पंजीयन, घर बैठे जुड़ सकते हैं अभियान से- ‘कौशल दान अभियान’ में शामिल होने के इच्छुक नागरिकों के लिए ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था की गई है, जिला प्रशासन के अनुसार पंजीयन प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक रखी गई है,जिसे लगभग दो मिनट में पूरा किया जा सकता है,इच्छुक नागरिक ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से स्वयंसेवक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं, इसमें वे अपनी रुचि, विशेषज्ञता और उपलब्ध समय के अनुरूप अभियान से जुड़ने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
शिक्षकों,कलाकारों,खिलाडि़यों और विशेषज्ञों से आगे आने की अपील- जिला प्रशासन ने जिले के शिक्षकों,कलाकारों, खिलाडि़यों,तकनीकी विशेषज्ञों,उद्यमियों,कृषकों और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की है,प्रशासन की मंशा है कि जिले में उपलब्ध प्रतिभाओं को एक साझा मंच मिले और उनके अनुभव का लाभ समाज के उन लोगों तक पहुंचे, जो कुछ नया सीखना चाहते हैं या अपनी क्षमता विकसित करने के इच्छुक हैं।
अभियान की सफलता जनभागीदारी और क्रियान्वयन पर निर्भर
‘कौशल दान अभियान’ की अवधारणा अपने आप में महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि कितने हुनरमंद नागरिक इससे जुड़ते हैं और उनके कौशल का लाभ जरूरतमंदों तक किस प्रकार पहुंचाया जाता है,यदि स्वयंसेवकों की विशेषज्ञता के अनुरूप प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के अवसर विकसित किए जाते हैं, सीखने के इच्छुक लोगों को उनसे जोड़ा जाता है और गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित होता है तो यह पहल जिले में कौशल विकास का प्रभावी माध्यम बन सकती है, सूरजपुर में शुरू की गई यह पहल एक सकारात्मक संदेश देती है कि जिले के विकास के लिए केवल सरकारी योजनाओं और बजट पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है,समाज के भीतर मौजूद ज्ञान, अनुभव और प्रतिभा को भी विकास की ताकत बनाया जा सकता है,किसी का हुनर किसी दूसरे के भविष्य की राह आसान कर सकता है। यही सोच ‘कौशल दान अभियान’ की सबसे बड़ी ताकत बन सकती है, अब जरूरत है कि सूरजपुर के हुनरमंद नागरिक आगे आएं और अपने ज्ञान को समाज की साझा पूंजी बनाएं।


Share

Check Also

सूरजपुर/चांदनी बिहारपुर@ 15 महीने से सोलर प्लांट ऑपरेटरों को नहीं मिला मानदेय, आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मचारी

Share चांदनी बिहारपुर के पहाड़ी अंचल के करीब दो दर्जन गांवों में सोलर प्लांट के …

Leave a Reply