बैंक में जमा होनी थी बिक्री की रकम, सत्यापन में सामने आई गड़बड़ी लंबे समय से चल रहा था फरार, पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी
-संवाददाता-
वाड्रफनगर,20 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। कंपोजिट मदिरा दुकान वाड्रफनगर की बिक्री राशि में 7 लाख 59 हजार 720 रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दुकान के सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया है। ऑडिट के दौरान बिक्री और बैंक में जमा रकम के बीच बड़ा अंतर सामने आने के बाद मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। अब उससे रकम की हेराफेरी और संभावित संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार,3 जुलाई 2026 को आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार राजवाड़े ने चौकी वाड्रफनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 1 मई से 11 जून 2026 तक कंपोजिट मदिरा दुकान का भौतिक सत्यापन एवं ऑडिट किया गया था। इस दौरान दुकान की बिक्री का हिसाब और प्रतिदिन बैंक में जमा की गई राशि का मिलान करने पर 7,59,720 रुपये कम पाए गए। जांच में दुकान के सुपरवाइजर लाल बिहारी यादव की जिम्मेदारी सामने आई। वह प्रतिदिन की बिक्री का स्टॉक रजिस्टर संधारित करने और बिक्री की राशि कैश कलेक्शन एजेंसी को सौंपने के लिए जिम्मेदार था। आरोप है कि उसने बिक्री की रकम निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा नहीं कराई,जिससे शासन के राजस्व को नुकसान पहुंचा। सत्यापन के बाद आरोपी बिना सूचना दिए दुकान से अनुपस्थित हो गया था। अपराध दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। मामले में चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 316(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। पुलिस ने बिक्री पंजी और बैंक विवरण सहित अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद आरोपी की तलाश तेज की। आखिरकार 19 नवंबर 2026 को पुलिस ने लाल बिहारी यादव (26), पिता रामनाथ यादव, निवासी ग्राम कुण्डपान,थाना बभनी,जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश),हाल मुकाम ग्राम प्रेमनगर,थाना बसंतपुर,जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय वाड्रफनगर में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अब उससे कथित हेराफेरी की रकम, उसके उपयोग और इस मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका के संबंध में पूछताछ कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur