Breaking News

अम्बिकापुर @ ग्रेड पे बढ़ाने की मांग पर स्टाफ नर्स अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

Share


2800 की जगह 4800 ग्रेड पे देने की मांग,मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
ग्रेड पे वेतनमान सहित अन्य मांगों को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के बैनर तले स्टाफ नर्स बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। खासकर ऑपरेशन और अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाओं पर इसका असर पड़ सकता है। हालांकि आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं जारी रहेंगी। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे नहीं चाहते कि उनकी हड़ताल से मरीजों को परेशानी हो, लेकिन लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान मरीजों के साथ किसी तरह की अप्रिय स्थिति बनती है तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की होगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य में चिकित्सा शिक्षा विभाग को छोडकर अन्य चिकित्सक एवं पैरामेडिकल संवर्ग को छठवें वेतन आयोग के अनुरूप केंद्रीय वेतनमान का लाभ मिल रहा है। वर्ष 2012 में चिकित्सा शिक्षा विभाग के गठन के बाद भी नर्सिंग संवर्ग को इससे वंचित रखा गया। पिछले 14 वर्षों से नर्सिंग कर्मचारी ग्रेड पे वेतनमान में बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
2800 से बढ़ाकर 4800 ग्रेड पे करने की मांग
एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि चार वर्षीय नर्सिंग डिग्री के बावजूद कर्मचारियों को मिल रहे 2800 ग्रेड पे को बढ़ाकर 4800 किया जाए। यदि 4800 ग्रेड पे देना संभव नहीं है तो 4400 ग्रेड पे का पूर्व में तैयार प्रस्ताव ही स्वीकृत किया जाए। संगठन का कहना है कि 24 घंटे मरीजों की सेवा में जुटे नर्सिंग कर्मचारियों की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी
एसोसिएशन की अध्यक्ष मालती सिंह और उपाध्यक्ष प्रज्ञा सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को ही मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की सूचना सरकार को दे दी गई थी। इसके बाद 16 नवंबर को भी पुनः सूचना दी गई। पूर्व में लिए गए प्रांतीय निर्णय के अनुसार 18 नवंबर से कर्मचारियों ने काम छोडकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन करने के बाद आंदोलनकारी रायपुर जाएंगे और मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री का घेराव करेंगे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@सरगुजा को कुष्ठ मुक्त बनाने का महाभियान,ग्राम सलका में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर,327 ग्रामीणों की हुई जांच

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को कुष्ठ मुक्त …

Leave a Reply