पीआरए ग्रुप से जुड़े ठिकानों सहित पांच स्थानों पर एक साथ दबिश, 12 गाडि़यों में पहुंचे एमपी-सीजी के करीब 25 अधिकारी-कर्मचारी
-संवाददाता-
सूरजपुर 18 नवम्बर 2026(घटती-घटना)। जिले में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है, शहर में सुबह-सुबह शुरू हुई आयकर विभाग की छापेमारी को नौ घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी कार्रवाई लगातार जारी है, आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें शहर के पांच ठिकानों पर एक साथ पहुंचकर दस्तावेजों,वित्तीय लेन-देन और कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही हैं, इस कार्रवाई के दायरे में पीआरए ग्रुप से जुड़े ठिकाने भी शामिल हैं,अचानक हुई इस कार्रवाई से जिले के व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
सुबह छह बजे 12 गाडि़यों में पहुंची टीम-जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की टीम बुधवार सुबह करीब छह बजे लगभग 12 गाडि़यों में सवार होकर सूरजपुर पहुंची,मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के करीब 25 अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम ने एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी,कार्रवाई इतनी सुनियोजित तरीके से की गई कि संबंधित प्रतिष्ठानों और परिसरों में जांच शुरू होने के बाद ही इसकी जानकारी बाहर आ सकी, इसके बाद से ही आयकर विभाग की टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं।
पीआरए ग्रुप के बर्बरीक प्रोजेक्ट सहित दो मकान जांच के दायरे में-सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की कार्रवाई में पीआरए ग्रुप से जुड़े कुल तीन ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया है,इनमें बर्बरीक प्रोजेक्ट का कार्यालय और दो आवासीय परिसर शामिल बताए जा रहे हैं,यहां विभागीय अधिकारी कारोबार से संबंधित दस्तावेजों,आय-व्यय के ब्यौरे, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की पड़ताल कर रहे हैं,जांच का मुख्य उद्देश्य उपलब्ध दस्तावेजों और घोषित वित्तीय विवरणों का मिलान करना बताया जा रहा है।
नयनपुर औद्योगिक क्षेत्र की राइस मिल में भी दबिश-वहीं आयकर विभाग की कार्रवाई का दूसरा महत्वपूर्ण केंद्र नयनपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित साकेत राइस मिल है, बताया जा रहा है कि यह राइस मिल एक बड़े भाजपा नेता के भाई से जुड़ी है,विभाग की टीम ने राइस मिल के साथ उसके मालिक के निवास पर भी पहुंचकर जांच शुरू की है, यहां भी कारोबार से संबंधित दस्तावेजों, आय-व्यय के रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, इस तरह शहर और औद्योगिक क्षेत्र के कुल पांच ठिकाने आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं।
कागजी दस्तावेज ही नहीं, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे- छापेमारी के दौरान आयकर विभाग की टीमें केवल कागजी दस्तावेजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है, परिसरों में मौजूद कंप्यूटर, लैपटॉप, पेनड्राइव और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में सुरक्षित कारोबारी जानकारियों को खंगाला जा रहा है,अधिकारियों द्वारा वित्तीय लेन-देन,खातों के विवरण,कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जांच में इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
आयकर चोरी के आरोपों के बाद कार्रवाई की चर्चा-सूत्रों के अनुसार आयकर चोरी की आशंका और आरोपों के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की है,हालांकि आयकर विभाग की ओर से अब तक जांच के संबंध में कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी अथवा संभावित कर चोरी की राशि का खुलासा सामने नहीं आया है,फिलहाल अधिकारी सभी ठिकानों पर उपलब्ध दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटे हुए हैं।
दो से तीन दिनों तक चल सकती है जांच-कार्रवाई का दायरा,एक साथ पांच ठिकानों पर जांच और दस्तावेजों की संख्या को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई दो से तीन दिनों तक चल सकती है, हालांकि जांच कितने समय तक जारी रहेगी,यह अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की पड़ताल और सामने आने वाले तथ्यों पर निर्भर करेगा, फिलहाल सूरजपुर में आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई को लेकर कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं,अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं,विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन वित्तीय अनियमितताओं अथवा कर संबंधी गड़बडि़यों को लेकर कार्रवाई की गई और जांच में क्या तथ्य सामने आए,वही समाचार लिखे जाने तक विभाग के अधिकारी डटे हुए थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur