Breaking News

अम्बिकापुर@भाजपा सरकार जनता नहीं,कॉरपोरेट के हित में कर रही काम : सुखदेव भगत

Share


बोले…जल,जंगल और जमीन कांग्रेस के लिए नारा नहीं,राजनीतिक प्रतिबद्धता है,सरगुजा दौरे में आदिवासियों,किसानों और आम लोगों के मुद्दों पर सरकार को घेरा…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार जनता के हितों के बजाय कॉरपोरेट घरानों के इशारे पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र जशपुर से अपने दौरे की शुरुआत करने के बाद उन्होंने जमीनी हकीकत का हवाला देते हुए कहा कि विकास के दावों और वास्तविक स्थिति में बड़ा अंतर है। सरकार का कामकाज ऐसा नहीं है कि उसे नंबर दिए जा सकें। जल,जंगल और जमीन कांग्रेस के लिए महज राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि आम जनता और आदिवासी समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। नियुक्ति के बाद 16 नवंबर से शुरू हुए अपने दौरे के तहत वे जशपुर,सरगुजा और सूरजपुर जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तरीय चौपालों में हिस्सा लेने के साथ ग्राम साल्ही पहुंचकर परसा-केंते कोयला खनन परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से भी मुलाकात की। प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आदिवासियों के हितों की अनदेखी कर उनकी जमीनों पर कब्जा करने और कोयला खदानें खुलवाने की कोशिश की जा रही है। फर्जी जनसभाओं और जबरिया तरीकों से आदिवासियों की सहमति दर्शाने के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासी अधिकारों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करेगी।
भगत ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में विधानसभा में वन क्षेत्रों में नई खदानें नहीं खोलने के संबंध में सर्वसम्मति से संकल्प पारित किया गया था,लेकिन विष्णुदेव साय सरकार ने उस फैसले की भावना को दरकिनार कर दिया। उन्होंने इसे आदिवासी हितों के साथ विश्वासघात बताया। प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में विचारों की स्वतंत्रता और आंतरिक लोकतंत्र है। सभी नेता केंद्रीय नेतृत्व के निर्णयों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों के साथ एकजुट हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वहां मोदी और शाह के इर्द-गिर्द एकतरफा संवाद की व्यवस्था है,जबकि कांग्रेस में विचारों को रखने की स्वतंत्रता है।
वोट बचाओ अभियान
को बूथ तक पहुंचाने की तैयारी

प्रेसवार्ता के बाद राजीव भवन में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में सुखदेव भगत ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक संघर्ष के लिए सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश की संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया है। चुनाव आयोग जैसी महत्वपूर्ण संस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और मताधिकार की निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस ने देशव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू किया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इस लड़ाई को गांव-गांव और बूथ स्तर तक ले जाएगी। उन्होंने संगठनात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब संगठन में कार्यकर्ता की सक्रियता और उसके द्वारा किया गया काम ही आगे बढ़ने का आधार बनेगा। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ऐसी व्यवस्था बनाने में जुटी है,जिसमें मतदाता की स्वतंत्र पसंद और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस मंडल और बूथ स्तरीय चौपालों के माध्यम से वोट चोरी के मुद्दे के साथ महंगाई,शिक्षा,स्वास्थ्य,कानून व्यवस्था और धान खरीदी में कथित अनियमितताओं को जनता के बीच ले जाएगी।
राहुल गांधी के संघर्ष को आजादी की लड़ाई से जोड़ा
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि देश की आजादी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कायम रखने के लिए कांग्रेस के पुरखों ने लंबा संघर्ष किया था। आज उसी संघर्ष से हासिल हुए मताधिकार पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम वोट के अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इसी अधिकार की रक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रही है। उन्होंने मौजूदा आंदोलन को आजादी के दौर में अंग्रेजों के खिलाफ हुए संघर्ष की याद दिलाने वाला बताया।
राशन कार्ड,स्मार्ट मीटर और धान खरीदी पर सिंहदेव ने घेरा
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ सरकार को स्थानीय जनसमस्याओं के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीकी प्रक्रियाओं के नाम पर आम नागरिकों,किसानों और हितग्राहियों के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। उन्होंने राशन कार्ड विलोपन,भारी बिजली बिल और धान खरीदी में कथित मनमानी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सिंहदेव ने कहा कि त्योहारों के ठीक पहले डिजिटलीकरण के नाम पर बड़ी संख्या में राशन कार्डधारियों को उनके खाद्यान्न अधिकार से वंचित किया गया। एग्रीस्टैक पंजीयन के नाम पर पात्र किसानों के रकबे शून्य घोषित कर उन्हें अपात्र किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। वहीं स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं पर अनाप-शनाप बिजली बिल का बोझ बढ़ने की शिकायतें हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार का ध्यान आम नागरिकों की समस्याओं के बजाय सत्ता और वोट के समीकरणों पर केंद्रित हो जाए,तब जनता के बुनियादी सवाल पीछे छूट जाते हैं।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे…
इस दौरान जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता,जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष,बूथ लेवल एजेंट और विभिन्न स्तरों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@सरगुजा को कुष्ठ मुक्त बनाने का महाभियान,ग्राम सलका में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर,327 ग्रामीणों की हुई जांच

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को कुष्ठ मुक्त …

Leave a Reply