Breaking News

सूरजपुर@ कांटारोली की जनचौपाल से कांग्रेस ने भरी हुंकार जल-जंगल-जमीन की लड़ाई को तेज करने का ऐलान

Share


सुखदेव भगत बोले…आदिवासी अधिकारों और क्षेत्र की अस्मिता की लड़ाई में कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ
दीपक बैज,डॉ. चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव ने भाजपा सरकार को घेरा तारा कोल ब्लॉक और हसदेव का मुद्दा बना जनचौपाल का केंद्र,वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के बहाने कांग्रेस ने आदिवासी अधिकार मताधिकार और संविधान की रक्षा को लेकर दिखाई राजनीतिक एकजुटता


-संवाददाता-
सूरजपुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
प्रेमनगर विकासखंड के ग्राम कांटारोली में आयोजित विशाल जनचौपाल के जरिए कांग्रेस ने सरगुजा अंचल में जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे पर राजनीतिक संघर्ष का बिगुल फूंका,कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस जनचौपाल में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बना दिया,छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज,नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आदिवासी अधिकारों, संविधान की भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया, जनचौपाल का सबसे प्रमुख मुद्दा तारा कोल ब्लॉक और हसदेव क्षेत्र में आदिवासी अधिकारों से जुड़ा रहा,नेताओं ने इसे केवल खनन अथवा जमीन का विषय नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय की संस्कृति,पहचान, आजीविका और भविष्य से जुड़ा सवाल बताया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर पार्टी क्षेत्रवासियों के साथ खड़ी रहेगी और उनके अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी।
बैज और सिंहदेव ने भी भाजपा सरकार को घेरा- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी जनचौपाल को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए,दोनों नेताओं ने वोट बचाओ अभियान के उद्देश्य और लोकतंत्र में मताधिकार की अहमियत को प्रमुखता से रखा,उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है,नेताओं ने एसआईआर, कथित वोट चोरी,महंगाई,भ्रष्टाचार और आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा, उन्होंने बस्तर से सरगुजा तक आदिवासी समाज के सामने मौजूद सवालों और स्थानीय समस्याओं पर ध्यान आकर्षित किया, इस दौरान नेताओं ने ‘वोट बचाओ- देश बचाओ’,‘सूरजपुर बचाओ’,‘प्रेमनगर बचाओ’,‘तारा बचाओ’ और ‘कांटारोली बचाओ’ के नारे लगवाकर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में उत्साह भरने का प्रयास किया।
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान कांटारोली पहुंचे प्रदेश के दिग्गज नेता– छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सांसद सुखदेव भगत अपने तीन दिवसीय सरगुजा अंचल प्रवास के दौरान कांटारोली पहुंचे,उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज,नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मोहन मरकाम और सह प्रभारी जरिता लैतफलांग सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे,कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया और अतिथियों का अभिनंदन किया, जनचौपाल में स्थानीय समस्याओं,लोकतांत्रिक अधिकारों, आदिवासी हितों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
तारा चौक पर आतिशी स्वागत, बाइक रैली के साथ पहुंचे नेता-जनचौपाल से पहले तारा चौक पर कांग्रेस नेताओं का भव्य स्वागत किया गया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह, जिला प्रभारी गुलाब कमरो,इस्माइल खान और दानिश रफीक के नेतृत्व में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज,सह प्रभारी जरिता लैतफलांग,नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत,पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मोहन मरकाम का स्वागत किया गया,इसके बाद बाइक रैली और पारंपरिक शैला एवं शुग्गा नृत्य दलों की अगुवाई में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनचौपाल स्थल कांटारोली पहुंचे,यहां जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह सहित इस्माइल खान,संजय डोसी, सुनील अग्रवाल,मेहंदी यादव,अरविंद यादव, अशोक जगते,तुलसी यादव,रामकुमार बंछोर, संतोष पावले और आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अतिथियों को तीर-धनुष भेंटकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस पदाधिकारी और ग्रामीण-जनचौपाल में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह, पूर्व विधायक विनय जायसवाल, पारसनाथ राजवाड़े, भानुप्रताप सिंह, रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर, बालकृष्ण पाठक, सफी अहमद, दानिश रफीक, विंकी बाबा, सुभाष गोयल, नरेंद्र जैन, सुनील अग्रवाल, आनंद कुंवर, भगवती राजवाड़े, अखिलेश सिंह, हेमलता राजवाड़े, बबिता गुप्ता, लिली राजवाड़े, विमला सिंह, सुखमनिया जगते, आलोक साहू, रोहित कन्नौजे, विद्यासागर सिंह, नवीन जायसवाल, संजीव श्रीवास्तव, अंशुल गोयल, चंदन सिंह, जरीना सुल्ताना, अरबिना बेगम, खुशी, दिव्या तांजे, जगत आयाम, महेंद्र साहू, केबी सिंह, कवल बिहारी सिंह,प्रदीप राजवाड़े, लवकेश गुर्जर, संतोष पावले, लिवनेश सिंह, रामकुमार बंछोर, समीर सिंह, मुन्नी सिंह, सविता सिंह, कुसुमलता राजवाड़े, नरेंद्र यादव, प्रदीप साहू, गिरधारी साहू, नवल सिंह, प्रवेश गोयल, परमेश्वर राजवाड़े, पवन साहू, दिनेश राजवाड़े, बिहारी कुलदीप, संदीप शर्मा, चंद्रदत्त दुबे और चंदा सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस के जिला, ब्लॉक, मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सुखदेव भगत का ऐलान…आदिवासियों के अधिकारों से समझौता नहीं…
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत ने अपने संबोधन में कहा कि जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ मजबूती से खड़ी है,उन्होंने भाजपा सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी करने तथा पेसा कानून और संविधान की पांचवीं अनुसूची की भावना के उल्लंघन का आरोप लगाया,भगत ने कहा कि तारा कोल ब्लॉक और हसदेव बचाओ आंदोलन केवल जमीन का मुद्दा नहीं है,यह आदिवासियों की संस्कृति,पहचान,आजीविका और अस्मिता से जुड़ा प्रश्न है,आदिवासी समाज का जीवन जंगल और जमीन से जुड़ा है,इसलिए उनके अधिकारों की अनदेखी कर कोई भी विकास की अवधारणा पूरी नहीं हो सकती,उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों की जमीन,जंगल और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी,केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने वोट चोरी और देश की सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के आरोप लगाए, उन्होंने कहा कि सत्ता से बड़ा संविधान है और संविधान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता,कांग्रेस और राहुल गांधी सड़क से लेकर सदन तक आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं,उन्होंने ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
तारा कोल ब्लॉक और हसदेव पर कांग्रेस का राजनीतिक संदेश
कांटारोली की जनचौपाल में तारा कोल ब्लॉक और हसदेव का मुद्दा प्रमुखता से उठना अपने आप में महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश माना जा रहा है,सरगुजा अंचल में आदिवासी अधिकार, वन क्षेत्र,जमीन और खनन से जुड़े सवाल लंबे समय से चर्चा के केंद्र में रहे हैं,ऐसे में कांग्रेस ने इन मुद्दों को जनचौपाल के मंच से उठाकर स्थानीय असंतोष और क्षेत्रीय सरोकारों को राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाने की कोशिश की,सुखदेव भगत सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा का भरोसा दिलाया,हालांकि जनचौपाल में उठाए गए सवालों का वास्तविक असर आगे की राजनीतिक और जनआंदोलन की गतिविधियों पर निर्भर करेगा, फिलहाल कांग्रेस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह तारा और हसदेव के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर आगे बढ़ेगी।
जनचौपाल से आगे कितनी मजबूत होगी अधिकारों की लड़ाई?
कांटारोली की जनचौपाल में कांग्रेस ने आदिवासी अधिकार, तारा कोल ब्लॉक, हसदेव,मताधिकार और संविधान की रक्षा को लेकर अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता दोहराई,प्रदेश के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को व्यापक राजनीतिक स्वरूप दिया,अब देखने वाली बात यह होगी कि मंच से किए गए संघर्ष के ऐलान को कांग्रेस किस तरह जमीन पर उतारती है और स्थानीय मुद्दों पर ग्रामीणों के साथ आगे किस स्तर तक खड़ी रहती है,जनचौपाल ने यह संदेश जरूर दिया कि कांग्रेस सरगुजा अंचल में जल,जंगल और जमीन के सवाल को अपनी राजनीतिक लड़ाई का प्रमुख आधार बनाने की तैयारी में है, लेकिन इस अभियान की असली कसौटी नारों और मंचीय भाषणों से आगे बढ़कर क्षेत्रवासियों के मुद्दों पर निरंतर सक्रियता और ठोस पहल होगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@सरगुजा को कुष्ठ मुक्त बनाने का महाभियान,ग्राम सलका में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर,327 ग्रामीणों की हुई जांच

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को कुष्ठ मुक्त …

Leave a Reply