Breaking News

अम्बिकापुर@ लंबित अपराधों को 10 फीसदी तक सीमित करने का लक्ष्य,एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

Share


CCTNS 2.0 के तहत थानों को मिले 24 कंप्यूटर, 28 मोबाइल, 16 टैबलेट और 10 प्रिंटर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
जिले में लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने बुधवार को पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के राजपत्रित अधिकारियों और समस्त थाना-चौकी प्रभारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने जिले की कुल अपराध पेंडेंसी को 10 प्रतिशत तक सीमित करने का लक्ष्य देते हुए पुराने अपराधों, लंबित चालानों, शिकायतों, मर्ग और खात्मा-खारिजी प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने को कहा। बैठक में लंबित स्थायी वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने तथा पुराने चालानों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। चोरी और नकबजनी के मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी पर जोर दिया गया। गुंडा-बदमाशों की जानकारी सीआरए पोर्टल पर दर्ज करने तथा वात्सल्य और आईरेड पोर्टल पर आवश्यक जानकारियों की समयबद्ध एंट्री करने को कहा गया। साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने एनसीआरपी और एमआरएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा म्यूल बैंक खातों से जुड़े मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। आईटी एक्ट के मामलों की प्रभावी विवेचना के लिए विशेष सेल गठित करने को भी कहा गया। इसके अलावा आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट सहित अन्य कानूनों के तहत अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा प्रभावी रात्रि गश्त करने को कहा गया। एसएसपी ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को विजिबल पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो। बैठक में CCTNS 2.0 परियोजना के तहत थानों को आधुनिक तकनीकी संसाधन भी उपलब्ध कराए गए। जिले को 24 कंप्यूटर, 28 मोबाइल, 16 टैबलेट और 10 प्रिंटर प्रदान किए गए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से थानों के ऑनलाइन कार्यों और डिजिटल रिकॉर्ड को अधिक व्यवस्थित एवं तेज बनाने का लक्ष्य है। एसएसपी ने सीसीटीएनएस पोर्टल पर नियमित अद्यतन एंट्री करने तथा IIF-1 से IIF-5 तक के प्रपत्रों की जानकारी समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए। समाधान ऐप में भी लगातार जानकारी अपडेट करने को कहा गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, राजेश देवांगन, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बी, एसडीओपी ग्रामीण राकेश बघेल, एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी, प्रशिक्षु डीएसपी निशांत गौरव कुर्रे, साइबर सेल प्रभारी सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@सरगुजा को कुष्ठ मुक्त बनाने का महाभियान,ग्राम सलका में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर,327 ग्रामीणों की हुई जांच

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को कुष्ठ मुक्त …

Leave a Reply