Breaking News

अम्बिकापुर@स्कूलों में खराब परीक्षा परिणाम पर प्राचार्यों को नोटिस जारी करने के निर्देश

Share


जिला शिक्षा अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक,नवंबर तक कोर्स पूरा कराने और कमजोर बच्चों का नियमित रिवीजन कराने पर जोर


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 नवम्बर 202६ (घटती-घटना)। कलेक्टर सरगुजा के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता,परीक्षा परिणाम,विद्यार्थियों की उपस्थिति और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत पात्र बच्चों को अधिक से अधिक निःशुल्क प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए गए। पिछले वर्ष खराब परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों की समीक्षा करते हुए संबंधित प्राचार्यों को नोटिस जारी करने कहा गया। साथ ही इस वर्ष बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए कार्ययोजना तैयार कर उसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। त्रैमासिक परीक्षा परिणामों पर चर्चा करते हुए कमजोर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस जारी करने तथा बच्चों को नियमित लेखन अभ्यास और रिवीजन कराने कहा गया। सभी प्राचार्यों को नवंबर तक पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
निर्माण कार्य में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : बैठक में स्वीकृत निर्माण कार्यों को तत्काल शुरू कराने और किसी भी स्थिति में निर्माण कार्य अधूरा नहीं छोडऩे के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों से नियमित समन्वय करने कहा गया। वहीं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, शिक्षकों और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
शत-प्रतिशत पंजीयन और उपस्थिति पर जोर : अधिकारियों को यूडीआईएसई और अपार से संबंधित कार्यों में तेजी लाने, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का शत-प्रतिशत पंजीयन और उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया। सेवा पुस्तिका का संधारण एवं सत्यापन, छात्रवृत्ति के लिए सभी बच्चों का पंजीयन और सततवार शिक्षकों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@सरगुजा को कुष्ठ मुक्त बनाने का महाभियान,ग्राम सलका में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर,327 ग्रामीणों की हुई जांच

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को कुष्ठ मुक्त …

Leave a Reply