मोदी ने पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा,साइबर अपराध और सांस्कृतिक विरासत पर चार नई पहल का प्रस्ताव रखा
मनीला,17 नवम्बर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की मंगलवार को फिलीपींस में मुलाकात हुई। दोनों लीडर राजधानी मनीला में हो रही क्वाड मीटिंग में शामिल हुए। ट्रम्प ने मोदी की तारीफ की और कहा कि वे टफ इंसान हैं। क्वाड बैठक में प्रधानमंत्री मोदी,डोनाल्ड ट्रम्प, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए हैं। ट्रम्प ने बैठक के दौरान ईरान पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि ईरान पागल देश है। इसी वजह से उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जा सकता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि मौजूदा दौर में दुनिया को सबसे अधिक शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की आवश्यकता है तथा वैश्विक चुनौतियों का समाधान संवाद,आपसी सम्मान और सहयोग से ही संभव है। उन्होंने समुद्री सुरक्षा,साइबर अपराध से निपटने,साझा समुद्री विरासत और शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) के मंच पर चार नई पहलों का प्रस्ताव रखा। मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत स्वतंत्र, खुले,समावेशी और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को वैश्विक स्तर पर शांति,स्थिरता और पूर्वानुमेयता लाने में योगदान देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड महामारी के बाद से दुनिया लगातार एक के बाद एक संकटों का सामना कर रही है। विभिन्न संघर्षों के कारण खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर दबाव बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने समुद्री व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का समर्थन करता है।
रेयर अर्थ पर क्वाड देशों
के बीच समझौता हुआ
क्वाड देशों के बीच रेयर अर्थ समेत जरूरी खनिजों की सप्लाई बनाए रखने के लिए समझौता हुआ है। इसके तहत चारों देश इन खनिजों को जमीन से निकालने,साफ करने और दोबारा इस्तेमाल करने में एक-दूसरे की मदद करेंगे। इसके लिए नए प्रोजेक्ट्स में पैसा लगाया जाएगा और तकनीक भी साझा की जाएगी। इस समझौते का मकसद चीन पर निर्भरता कम करना है,ताकि अगर चीन इन खनिजों की सप्लाई रोकता है तो दूसरे देशों के उद्योगों पर इसका असर न पड़े। ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका में रेयर अर्थ का उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अगले 10 महीनों में इस मामले में चीन की बराबरी कर लेगा।
2027 में मुंबई में पहली क्वाड
बिजनेस लीडर्स फोरम की बैठक होगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया है कि 2027 में पहली क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम की बैठक मुंबई में होगी। इस फोरम में भारत,अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के कारोबारी,सरकारी अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसका मकसद चारों देशों के बीच व्यापार और कारोबार को बढ़ावा देना है।
पुतिन से मुलाकात पर ट्रम्प बोले…
मौका मिला तो जरूर मिलूंगा
ट्रम्प की पुतिन के साथ होने वाली मुलाकात को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ऐसी मुलाकात हो पाएगी या नहीं,लेकिन अगर मौका मिला तो वे जरूर मिलेंगे। ट्रम्प ने बताया कि पुतिन चीन जा रहे हैं और वे भी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के मेहमान होंगे। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रम्प ने कहा कि किम भी वहां आना चाहेंगे,लेकिन देखते हैं कि आगे क्या होता है।
मोदी की फिलीपींस यात्रा : भारत-आसियान समुद्री सहयोग योजना, साइबर प्रशिक्षण और मुफ्त ई-वीजा सहित कई पहल की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 16-17 नवंबर की फिलीपींस यात्रा के दौरान भारत-आसियान समुद्री सहयोग, साइबर सुरक्षा,परमाणु ऊर्जा,अंतरिक्ष, महत्वपूर्ण खनिज और युवा संपर्क सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की पहल की गई। आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा और नालंदा विश्वविद्यालय में उनके लिए छात्रवृत्तियां बढ़ाने की भी घोषणा की गई। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी यात्रा के परिणामों की सूची के अनुसार,23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में दीर्घकालिक भारत-आसियान समुद्री सहयोग योजना की घोषणा की गई। इसके तहत संपर्क,वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन,तटरक्षक बलों के बीच सहयोग,समुद्री क्षेत्र की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा के क्षेत्रों में मिलकर काम किया जाएगा। क्षेत्र में क्षमता निर्माण के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने,परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान और भारत-आसियान अंतरिक्ष हैकाथॉन आयोजित करने की भी पहल की गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने थाईलैंड के प्रधानमंत्री से की मुलाकात
रणनीतिक साझेदारी को व्यापार,रक्षा एवं सुरक्षा संपर्क और संास्कृतिक नई गति देने पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मनीला में थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल से मुलाकात की और उन्हें पदभार संभालने पर व्यक्तिगत रूप से बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने भारत और थाईलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को व्यापार,रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में नई गति देने के उपायों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भारत और थाईलैंड समुद्री पड़ोसी हैं और सदियों पुराने साझा इतिहास,संस्कृति तथा आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को विभिन्न क्षेत्रों में नई गति देने के तरीकों पर विचार-विमर्श हुआ। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह मुलाकात 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन से इतर हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी की अप्रैल 2025 में थाईलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर पहुंचाया गया था। बैठक में व्यापार एवं निवेश,रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क,डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी,संस्कृति,पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई। दोनों प्रधानमंत्रियों ने बिम्सटेक, हिंद महासागर रिम एसोसिएशन,मेकांग-गंगा सहयोग और आसियान के नेतृत्व वाले क्षेत्रीय मंचों पर मिलकर काम करने के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया तथा भारत-थाईलैंड साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur