Breaking News

रायपुर@सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर

Share


ईडी का दावा…अमेरिकी कंपनी खरीदने में लगाए 766 करोड़,3 साल की कोशिश के बाद पकड़ाया


रायपुर,13 नवम्बर 2026। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार (13 नवंबर) को गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने मनी लॉन्डि्रंग के मामले में पीएमएलए की धारा 19 के तहत यह कार्रवाई की है। रायपुर की विशेष अदालत ने सौरभ को 7 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। उससे 19 नवंबर तक पूछताछ की जाएगी। करीब 3 साल की कोशिशों के बाद सौरभ को भारत लाया गया है। वह इस सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसे भारत वापस लाकर गिरफ्तार किया गया है।
दुबई से चलाता था सट्टे का नेटवर्क, हर महीने 450 करोड़ की कमाई
ईडी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसके साथी रवि उप्पल महादेव ऑनलाइन बुक नाम से ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे। इसका मुख्यालय दुबई में था। भारत और यूएई में सट्टे के पैनल फ्रेंचाइजी के जरिए चलाए जाते थे। इस नेटवर्क में लोग ऑनलाइन सट्टा लगाते थे। खिलाडि़यों से मिलने वाला पैसा दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद हवाला के जरिए यह रकम भारत से बाहर भेजी जाती थी। ईडी ने 20 अक्टूबर 2023 को अदालत में पेश की गई अपनी मुख्य शिकायत में इस सिंडिकेट की कमाई करीब 450 करोड़ रुपए हर महीने बताई थी।
समन के बाद भी पेश नहीं हुआ,कोर्ट ने जारी किया था वारंट
ईडी के मुताबिक, सितंबर 2023 में सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था,लेकिन वह जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद ईडी ने विशेष अदालत में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने की मांग की थी। 4 सितंबर 2023 को अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया। ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। सौरभ ने इस वारंट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी,लेकिन 22 मार्च 2025 को उसकी याचिका खारिज हो गई। ईडी के अनुसार, सौरभ ने भारतीय पासपोर्ट होने के बावजूद वानुआतु का पासपोर्ट भी हासिल कर लिया था। उसने विशेष अदालत में यह दावा भी किया था कि वह 28 जून 2022 को भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है।
ओमान की कोर्ट ने भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया
सौरभ को भारत लाने के लिए ईडी ने विशेष अदालत के जरिए ओमान को प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा था। यह अनुरोध भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत राजनयिक माध्यमों से भेजा गया था। 8 अक्टूबर 2026 को मस्कट की कोर्ट ऑफ अपील ने सौरभ के भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया। अदालत ने उसकी नागरिकता से जुड़ी दलील खारिज कर दी। भारतीय दूतावास ने पुष्टि की थी कि सौरभ भारतीय नागरिक है। ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सौरभ को मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फर्जी यात्रा दस्तावेज के साथ बाहर जाने की कोशिश के दौरान पकड़ा गया था। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को सीबीआई की टीम उसे मस्कट से भारत लेकर आई। ईडी ने इस कार्रवाई में ओमान के अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार जताया है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर/कोरिया@ छठ महापर्व को लेकर गढेलपारा में उत्साह,गेज नदी घाट पर तैयारियां जोरों पर…

Share जय छठी मैया सेवा समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा…स्वच्छता,सेवा और सामाजिक …

Leave a Reply