नई दिल्ली,23 अगस्त 2026। झारखंड में सरकारी नौकरियों और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद अब पुलिस कार्रवाई भी बढ़ गई है। गिरिडीह और हजारीबाग में प्रदर्शन से जुड़े मामलों में कुल 28 नामजद और करीब 900 अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन एफ आई आर दर्ज की गई हैं।
इससे पहले रांची में भी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक,गिरिडीह में शुक्रवार और शनिवार को प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों को लेकर टाउन पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग एफ आईआर दर्ज की गईं। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस के साथ विवाद की घटनाओं को आधार बनाकर कार्रवाई की है। मामले में 28 लोगों को नामजद किया गया है,जबकि बड़ी संख्या में अज्ञात प्रदर्शनकारियों को भी आरोपी बनाया गया है।
सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप : पुलिस के अनुसार,रांची में दर्ज तीन मामलों में से एक एफआईआर पुलिस की शिकायत पर दर्ज की गई है। इसमें प्रदर्शनकारियों पर सरकारी काम में बाधा डालने और निर्धारित रूट चार्ट के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, अन्य दो एफआईआर अलग-अलग लोगों की शिकायतों के आधार पर दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुतला जलाने की कोशिश के दौरान हुआ विवाद
दरअसल, शुक्रवार को झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बडि़यों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, आंदोलनकारी छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई।
हजारीबाग में भी पुलिस से झड़प का मामला
हजारीबाग में भी प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ कथित मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में करीब 900 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब प्रदर्शन से जुड़े वीडियो,मौके पर मौजूद लोगों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
रांची में पहले ही दर्ज हो चुकी हैं तीन एफआईआर
गिरिडीह और हजारीबाग से पहले रांची में भी छात्रों के प्रदर्शन को लेकर तीन एफआईआर दर्ज की गई थीं। कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज इन मामलों में 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया,जबकि 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। रांची सिटी एसपी पारस राणा ने इन एफआईआर की जानकारी दी थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur