नई दिल्ली,17 अगस्त 2026। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालने के 209 दिन बाद सोमवार को 65 सदस्यों की कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया। राम माधव को उपाध्यक्ष और स्मृति ईरानी को महासचिव बनाकर वापस लाया गया है। भाजपा आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को लाया गया है। वहीं,राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे उपाध्यक्ष बनी रहेंगी। राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी पद पर बने रहेंगे। 55 साल की औसत उम्र वाली नितिन नवीन की टीम में 12 महिलाएं हैं।
यूपी से दो मुस्लिम चेहरों तारिक मंसूर और बासित अली को शामिल किया गया है। नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार, वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत,राम माधव,बैजयंत जय पांडा, डी.पुरंदेश्वरी,रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार,सरदार मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा,प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस सूची में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को जगह दी गई है,जिससे संगठन में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का भी ध्यान रखा गया है।
स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नई टीम में स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की जारी सूची में बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा की नई टीम में महिला नेताओं को भी खास जगह मिली
नई राष्ट्रीय टीम में महिला नेताओं की भी अच्छी भागीदारी दिखाई देती है। वसुंधरा राजे सिंधिया, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इस तरह पार्टी की नई संगठनात्मक टीम में कई महिला नेताओं को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारियां मिली हैं।
नितिन नवीन की टीम में कई राज्यों को मिला प्रतिनिधित्व
भाजपा की नई सूची में राजस्थान,उत्तराखंड,दिल्ली,ओडिशा,आंध्र प्रदेश,उत्तर प्रदेश,गुजरात,महाराष्ट्र,पंजाब,मध्य प्रदेश,कर्नाटक और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी के केंद्रीय संगठन में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने से राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के विस्तार और समन्वय को मजबूत करने का संकेत मिलता है।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष छत्तीसगढ़ से तीसरी बार,रूपकुमारी चौधरी से पहले ये दो नेत्री संभाल चुकीं हैं महिला मोर्चा की कमान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। नई कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ से सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी के राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष बनने के साथ ही यह तीसरा अवसर है,जब छत्तीसगढ़ से किसी महिला नेता को यह जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले दिवंगत पूर्व सांसद करुणा शुक्ला और सरोज पांडेय महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं। रूपकुमारी चौधरी बसना से विधायक रह चुकी हैं और रमन सिंह सरकार में संसदीय सचिव का दायित्व भी संभाल चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ के दीपक महस्के बने
बीजेपी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक

भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ के नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश के दीपक महस्के को भाजपा का राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। वहीं महासमुंद की सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश भाजपा संगठन का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। दीपक महस्के की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब राजनीतिक दलों के चुनावी और संगठनात्मक अभियानों में सोशल मीडिया तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका लगातार बढ़ रही है। राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक के रूप में महस्के पर पार्टी की डिजिटल रणनीति, सोशल मीडिया अभियानों और संगठन के ऑनलाइन नेटवर्क को मजबूत करने से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां रहेंगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur