अंबाला,13 अगस्त 2026। हरियाणा के अंबाला में प्रदर्शन कर रहे सिख और किसान गुरुवार शाम को पुलिस से भिड़ गए। प्रदर्शनकारी पंजाब के खालिस्तान विरोधी नेता गुरसिमरन सिंह मंड पर अंबाला में ही कुछ दिन पहले हमला करने वालों को छुड़वाने की मांग पर अड़े थे और दोपहर 1 बजे से दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे जाम कर रखा था। पुलिस ने देर शाम जब हाईवे खुलवाने की कोशिश की तो दोनों पक्ष भिड़ गए। इस टकराव में अंबाला के एक डीएसपी वीरेंद्र का अंगूठा कट गया और 7-8 पुलिसवालों को गंभीर चोटें आईं। इन सभी को अंबाला के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज के साथ आंसूगैस के गोले छोड़े मगर भीड़ नहीं हटी। अंबाला पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, टकराव में पुलिसवालों के अलावा कुछ प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आई हैं। इससे पहले, गुरुवार सुबह सिख जत्थेबंदियों और किसानों ने मंड पर एफआईआर दर्ज करने और उन पर हमला करने वालों को छोड़ने की मांग करते हुए दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर डेरा जमा लिया। अंबाला रेंज के ढ्ढत्र पंकज नैन और एसपी अजीत शेखावत ने उन्हें समझाने की कोशिश की, मगर सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली से पंजाब-चंडीगढ़ और पंजाब-चंडीगढ़-हिमाचल की ओर जाने वाले वाहनों को अन्य रूट पर डायवर्ट कर दिया। देर शाम पुलिस ने मंड पर एफआईआर दर्ज कर ली मगर प्रदर्शनकारी जेल में बंद अपने दो साथियों को रिहा करने पर अड़े रहे। रात करीब 9 बजे जब पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो दोनों पक्ष भिड़ गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur