Breaking News

नई दिल्ली@प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं से की मुलाकात…कहा…‘जो खेलेगा,वो खिलेगा’

Share

नई दिल्ली,09 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेल 2026 में देश का गौरव बढ़ाकर लौटे भारतीय खिलाडिय़ों और पदक विजेताओं से अपने दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन, समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना की तथा उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रति योगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने खिलाडिय़ों से बातचीत के दौरान खेलों को लेकर अपना मूल मंत्र भी साझा किया। मुलाकात के बाद उन्होंने सामाजिक माध्यम इंस्टाग्राम पर खिलाडिय़ों के साथ हुई बातचीत का एक वीडियो साझा किया,जिसमें खिलाडिय़ों के साथ उनका उत्साहपूर्ण संवाद नजर आया। वीडियो में स्वर्ण पदक विजेता महिला मुक्केबाज साक्षी चौधरी प्रधानमंत्री के साथ खड़ी दिखाई देती हैं। उन्होंने उत्साह के साथ कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के सभी पदक विजेताओं को प्रधानमंत्री ने आमंत्रित किया है और यह उनके लिए गर्व की बात है। साक्षी ने प्रधानमंत्री से भी कुछ कहने का आग्रह किया। इसके जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, जो खेलेगा, वो खिलेगा। भारत के लिए हमेशा उत्साह बढ़ाएं! प्रधानमंत्री की इस बात के बाद सभी खिलाडिय़ों ने एकजुट होकर पूरे जोश के साथ ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इस वर्ष राष्ट्रमंडल खेल भारतीय खिलाडिय़ों के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण रहे। प्रतियोगिता में कुश्ती, बैडमिंटन, निशानेबाजी और हॉकी जैसे भारत के मजबूत माने जाने वाले खेल शामिल नहीं थे। इसके बावजूद भारतीय खिलाडिय़ों ने मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, जूडो, एथलेटिक्स और दिव्यांग खिलाडिय़ों की खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय दल ने कई स्पर्धाओं में मजबूत प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत ने कुल 39 पदक जीते। इनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। मुक्केबाजी भारत के लिए सबसे सफल खेल रहा। भारतीय मुक्केबाजों ने कुल 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। भारतीय खिलाडिय़ों के प्रदर्शन में पुरुष और महिला दोनों वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भारतीय पुरुष खिलाडिय़ों ने कुल 23 पदक अपने नाम किए। इनमें 5 स्वर्ण, 13 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल रहे।


Share

Check Also

बुलंदशहर@50 हजार का इनामी बदमाश मोनू पुलिस एनकाउंटर में ढेर,नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या मामले में था वांटेड

Share बुलंदशहर,09 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ …

Leave a Reply