ठगगवां में लगातार वारदातों से दहशत,शिकायतों के बाद भी कार्रवाई पर उठे सवाल
राजेन्द्र शर्मा
खड़गवां,26 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। ग्राम पंचायत ठगगवां में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है,ग्रामीणों का आरोप है कि महज दस दिनों के भीतर तीन अलग-अलग चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं,लेकिन शिकायतों के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है,ऐसे में ग्रामीणों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शिकायतें केवल थाने की फाइलों तक सीमित रह गई हैं, या वास्तव में जांच भी शुरू हुई है? प्राप्त शिकायत आवेदनों के अनुसार अज्ञात चोरों ने अलग-अलग घरों को निशाना बनाया, कहीं नकदी और घरेलू सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है तो कहीं देर रात घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किए जाने की बात कही गई है। पीडि़तों ने पुलिस से जल्द जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।
रात एक बजे दरवाजा तोड़ने की कोशिश,जागने पर भागे संदिग्ध-एक शिकायतकर्ता ने बताया कि रात लगभग एक बजे कुछ अज्ञात लोग उनके घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास कर रहे थे,आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए,जैसे ही घर के सदस्य बाहर निकले,संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए,घटना के बाद परिवार दहशत में है और क्षेत्र में लगातार सक्रिय चोर गिरोह की आशंका जताई जा रही है।
लाखों की चोरी का दावा-दूसरी शिकायत में पीडि़त ने बताया कि घर से नकदी, कपड़े और अन्य सामान चोरी हो गया,शिकायत के अनुसार चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत लगभग 2 से 3 लाख बताई गई है, पीडि़त परिवार ने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
दस दिन में तीन घटनाएं,रात्रि गश्त पर उठे सवाल- लगातार तीन चोरी की घटनाओं के बाद ग्रामीणों का कहना है कि यदि एक ही पंचायत में इतने कम समय में लगातार वारदातें हो रही हैं तो पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है, ग्रामीण पूछ रहे हैं कि क्या पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया? क्या संदिग्धों से पूछताछ हुई? क्या चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज की गई? क्या वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई जा रही है? या फिर शिकायत आवेदन लेकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया?
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप- ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की लगातार घटनाओं की जानकारी पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, इसके बावजूद यदि अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं तो इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है, लोगों का कहना है कि जब चोर लगातार सक्रिय हैं और अब तक पकड़ से बाहर हैं, तब आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करें।
अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी निगाहें- ग्रामीणों ने खड़गवां पुलिस से मांग की है कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए, दोषियों को गिरफ्तार किया जाए तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाकर संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए, फिलहाल सबसे बड़ा प्रश्न यही बना हुआ है कि खड़गवां पुलिस इन शिकायतों पर प्रभावी जांच शुरू करती है या चोरी की शिकायतें थाने की फाइलों तक ही सीमित रह जाएंगी, पुलिस की चुप्पी और अब तक सामने नहीं आई कार्रवाई ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur