Breaking News

कोरिया/रायपुर,@ आयुष चिकित्सकों के हक की बुलंद आवाज,डॉ. भुवन भास्कर साहू ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Share

संविदा पद बढ़ाने और 2022 से लंबित नियमित भर्ती शुरू करने की मांग, कहा-आयुष सेवाओं को मजबूत करने के लिए पर्याप्त नियुक्तियां जरूरी
संवाददाता
कोरिया/रायपुर,26 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ में आयुष चिकित्सकों की लंबित मांगों और रोजगार के अवसरों को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ, जिला कोरिया के संयोजक डॉ. भुवन भास्कर साहू ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय आयुष मिशन (एनएएम) के तहत आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों के संविदा पदों की संख्या बढ़ाने और वर्ष 2022 से लंबित नियमित भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की है, ज्ञापन में डॉ. साहू ने कहा कि हाल ही में राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत जारी संविदा भर्ती विज्ञापन में पूरे प्रदेश के लिए केवल 48 पद स्वीकृत किए गए हैं, जबकि प्रदेश में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित और योग्य आयुष चिकित्सक रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं,ऐसे में सीमित पदों के कारण अधिकांश अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल पा रहा है और युवाओं में निराशा का वातावरण बन रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए पर्याप्त पद जरूरी- डॉ. भुवन भास्कर साहू ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है, यदि पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की नियुक्ति की जाती है तो आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं,उन्होंने कहा कि वर्तमान में पदों की संख्या आवश्यकता की तुलना में काफी कम है, जिससे आयुष सेवाओं के विस्तार की गति प्रभावित हो रही है,उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को केवल संविदा भर्ती तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि लंबे समय से लंबित नियमित भर्ती प्रक्रिया को भी तत्काल प्रारंभ करना चाहिए,ताकि योग्य चिकित्सकों को स्थायी अवसर मिल सकें और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिले।
2022 से लंबित नियमित भर्ती जल्द शुरू करने की मांग- ज्ञापन में प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी गई हैं राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत जारी संविदा भर्ती में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों के पदों की संख्या में पर्याप्त वृद्धि की जाए,वर्ष 2022 से लंबित नियमित भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रारंभ किया जाए, योग्य एवं अनुभवी आयुष चिकित्सकों को जनसेवा का अवसर देकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाए।
प्रधानमंत्री के विजन का किया उल्लेख- डॉ. साहू ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयुर्वेद, योग एवं भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि यदि राज्य स्तर पर पर्याप्त संख्या में आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं होगी, तो इस लक्ष्य को प्रभावी रूप से पूरा करना कठिन होगा, उन्होंने कहा कि आयुष क्षेत्र केवल उपचार का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा, जीवनशैली और स्वास्थ्य संरक्षण की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसलिए इसके सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार को पर्याप्त पद सृजित कर नियमित नियुक्तियां सुनिश्चित करनी चाहिए।
आयुष चिकित्सकों में जगी उम्मीद- डॉ. भुवन भास्कर साहू की इस पहल के बाद प्रदेश के आयुष चिकित्सकों और भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, लंबे समय से नियमित भर्ती और पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे चिकित्सकों का मानना है कि यदि शासन इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेता है तो इससे हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था भी मजबूत होगी, आयुष चिकित्सकों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद एवं अन्य आयुष पद्धतियों की सेवाओं की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है, ऐसे में रिक्त पदों को भरना और नई नियुक्तियां करना समय की मांग है।
आयुष चिकित्सकों का सम्मान और भविष्य हमारी प्राथमिकता- ज्ञापन सौंपने के बाद डॉ. भुवन भास्कर साहू ने कहा आयुष चिकित्सकों का सम्मान और उनका भविष्य हमारी प्राथमिकता है, योग्य चिकित्सकों को पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए, जब तक आयुष चिकित्सकों के हितों की रक्षा और नियमित भर्ती सुनिश्चित नहीं होती, तब तक हमारी मांग शासन के समक्ष मजबूती से उठती रहेगी, उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य मंत्री एवं राज्य सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेंगे,जिससे प्रदेश के आयुष चिकित्सकों को न्याय मिल सके और आम जनता को बेहतर आयुष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।


Share

Check Also

रामानुजनगर@ हेलमेट छूटा,कुछ देर बाद हादसा…नशेड़ी बाइक सवार की टक्कर से स्कूल संचालक की मौत

Share पेट्रोल पंप उद्घाटन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, रामानुजनगर अस्पताल में उपचार के …

Leave a Reply