Breaking News

सीतापुर@शटर खोलने में लगे ज्वेलर्स,स्कूटी से 1 करोड़ के जेवरात का बैग ले उड़े बदमाश

Share


सीसीटीवी में कैद हुई वारदात,एक आरोपी बैग लेकर पैदल भागा,आगे बाइक सवार साथी के साथ हुआ फरार; 7-8 टीमें तलाश में,50 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस


-संवाददाता-

सीतापुर,26 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के सीतापुर मुख्य बाजार में रविवार को दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग पार कर बदमाशों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। वारदात उस समय हुई,जब ज्वेलर्स दुकान संचालक स्कूटी खड़ी कर दुकान का शटर खोल रहे थे। इसी दौरान एक युवक स्कूटी से जेवरों से भरा बैग उठाकर पैदल भाग निकला। कुछ दूरी पर उसका साथी बाइक लेकर इंतजार कर रहा था। दोनों पत्थलगांव मार्ग की ओर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। सीतापुर निवासी अरुण देव की सीतापुर-अंबिकापुर मार्ग पर हाईस्कूल के पास श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। वे सुरक्षा कारणों से प्रतिदिन दुकान बंद होने के बाद कीमती जेवर घर ले जाते थे और सुबह दुकान खुलने से पहले साथ लेकर आते थे। रविवार सुबह करीब 11.20 बजे भी वे स्कूटी के सामने वाले हिस्से में सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग रखकर दुकान पहुंचे। स्कूटी खड़ी कर वे शटर खोलने लगे। कुछ ही क्षण बाद जब बैग लेने लौटे तो वह गायब था। बैग में करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के आभूषण होने की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी।
रेकी के बाद वारदात का अंदेशा : पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी उठाइगिरी बिना पूर्व रेकी के संभव नहीं है। आशंका है कि बदमाशों ने पहले से ज्वेलर्स की दिनचर्या पर नजर रखी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। पिछले एक-दो दिनों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक स्कूटी से बैग उठाकर पैदल जाते दिखाई दिया। कुछ दूरी पर उसका साथी बाइक के साथ खड़ा था। दोनों आरोपी बाइक से पत्थलगांव की ओर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
7-8 टीमें तलाश में, 50 से अधिक कैमरों की जांच
सीतापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 7 से 8 टीमें गठित की गई हैं। सीतापुर सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर दबिश दी जा रही है। अब तक 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। प्रारंभिक जांच में दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, हालांकि पुलिस अन्य लोगों की भूमिका से भी इनकार नहीं कर रही है।


Share

Check Also

रामानुजनगर@ हेलमेट छूटा,कुछ देर बाद हादसा…नशेड़ी बाइक सवार की टक्कर से स्कूल संचालक की मौत

Share पेट्रोल पंप उद्घाटन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, रामानुजनगर अस्पताल में उपचार के …

Leave a Reply