कांकेर,26 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर में बीते दो दिनों में मलेरिया से सरकारी हॉस्टल में रहने वाले 2 स्टूडेंट्स की मौत हो गई है। जबकि दूसरे हॉस्टल में रहने वाले 11 स्टूडेंट्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट पर है। प्रभावित छात्रावासों और आसपास के गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें कैंप लगाकर लोगों की जांच कर रही हैं। मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं और उनका इलाज भी किया जा रहा है। साथ ही सभी छात्रावासों में खास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक इरादाह और मर्दापोटी छात्रावास के 11 छात्र मलेरिया पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार,डोमाहर्रा के रहने वाली तीन सगी बहनों को तेज बुखार होने पर शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें 9 साल की करीना विश्वकर्मा की 25 जुलाई को इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी दोनों बहनों का अस्पताल में इलाज जारी है। मर्दापोटी छात्रावास में कई छात्रों को बुखार और सिरदर्द की शिकायत हुई थी। जांच में 4 छात्र मलेरिया पॉजिटिव मिले। इनमें 9 साल के छात्र सुभाष कुमेटी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे घर ले गए थे। रविवार सुबह हालत गंभीर होने पर उसे दोबारा जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु ने बताया कि 22 जुलाई को सभी छात्रावासों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई गई थी। उस समय कोई भी बच्चा मलेरिया संक्रमित नहीं मिला था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur