ज्ञानदीप पुरस्कार से अंजली सरिता बड़ा सम्मानित, शिक्षादूत पुरस्कार तीन शिक्षकों को प्रदान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना के तहत आयोजित सम्मान समारोह में जिले के चार शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल थे। जिला स्तर के ज्ञानदीप पुरस्कार से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उदयपुर की शिक्षिका अंजली सरिता बड़ा को सम्मानित किया गया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों से टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) तैयार कर खेल-खेल में पढ़ाई को प्रभावी बनाया।
साथ ही मूर्तिकला, चित्रकला, मिट्टी के बर्तन निर्माण जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता विकसित की और उनसे आत्मीय जुड़ाव स्थापित किया। विकासखंड स्तर के शिक्षादूत पुरस्कार से प्रधान पाठक अनूप रंजन सोनी (प्राथमिक शाला बुले खास), शिक्षिका सावित्री प्रजापति तथा सहायक शिक्षक सलमोन केरकेट्टा (प्राथमिक शाला जरहाडांड़) को सम्मानित किया गया। अनूप रंजन सोनी ने व्यक्तिगत शिक्षण योजना और चित्र आधारित शिक्षण से कमजोर विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार किया। सावित्री प्रजापति ने बालिकाओं की शिक्षा, लेखन-पठन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाया। वहीं सलमोन केरकेट्टा ने गणित को प्रयोगों के जरिए सरल बनाया, अंग्रेजी शब्दावली विकसित करने के लिए टीएलएम तैयार किए तथा बच्चों की छोटी-छोटी शैक्षणिक जरूरतें स्वयं के खर्च से पूरी कर मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष विकासखंड स्तर पर शिक्षादूत, जिला स्तर पर ज्ञानदीप तथा संभाग स्तर पर शिक्षाश्री पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur