Breaking News

अम्बिकापुर@मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले जिले के विद्यार्थियों को स्कूलों में ही मिलेगी ऑनलाइन क्लास की सुविधा

Share


आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए प्रारंभ से ही प्रभावी कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश

  • हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में सैनिटरी पैड प्रदाय के निर्देश
  • पीवीटीजी समुदाय के बच्चों को अगली कक्षाओं में प्राथमिकता के साथ प्रवेश दिलाने के निर्देश


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों,शिक्षा व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल,जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा,सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी,प्राचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है,इसलिए प्रारंभ से ही सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए ताकि जिले के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके तथा आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रत्येक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए और पढ़ाई से संबंधित गतिविधियों की सतत समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
जिले के सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए ऑनलाइन क्लासेस : कलेक्टर श्री वसंत ने निर्देशित किया जिले के छात्र-छात्राएं मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, उन्हें अब जिले के सभी हायर सेकेंडरी विद्यालयों में ग्यारहवीं के छात्रों को ऑनलाइन क्लासेस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय प्राचार्यों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में इंटरनेट कनेक्टिविटी,पृथक कक्ष,बड़ी स्क्रीन सहित सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए,ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। उन्होंने रायपुर में नीट एवं जेईई की तैयारी कर रहे जिले के विद्यार्थियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बार-बार प्रश्नों का अभ्यास कराया जाए तथा नियमित टेस्ट सीरीज उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं में उनका प्रदर्शन बेहतर हो सके। कलेक्टर ने भवन विहीन एवं विद्युत विहीन विद्यालयों की जानकारी लेते हुए उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक कार्यवाही कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी पात्र विद्यार्थियों को समय पर पर्याप्त संख्या में वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में स्थापित न्यूज डेस्क की जानकारी लेते हुए कहा कि विद्यार्थियों में समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित की जाए, जिससे उनमें सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक विषयों की समझ बढ़े।


Share

Check Also

मनेन्द्रगढ़/खड़गवां@ एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा में चमके एमसीबी के होनहार,स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घर पहुंचकर किया सम्मानित

Share 611 अंक लाने वाले आदित्य अग्रवाल, 588 अंक हासिल करने वाले अनुराग नाथ त्रिपाठी …

Leave a Reply