
टीईटी विसंगति,पुरानी पेंशन,पदोन्नति और अवकाश सहित कई मुद्दों पर शासन स्तर पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन
-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,24 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, जिला एमसीबी के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से सौजन्य मुलाकात कर शिक्षकों की वर्षों से लंबित विभिन्न समस्याओं और मांगों को विस्तार पूर्वक उनके समक्ष रखा, प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल करने का आग्रह किया।
टीईटी विसंगति,पुरानी पेंशन और पदोन्नति प्रमुख मुद्दे-प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे ज्ञापन में प्रमुख रूप से टीईटी संबंधी विसंगतियों के निराकरण, पुरानी पेंशन योजना के लिए पूर्व सेवा अवधि की गणना तथा जिला शिक्षा कार्यालय में लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को आगामी 15 अगस्त से पहले पूरा कराने की मांग उठाई, संगठन का कहना था कि इन मुद्दों के लंबित रहने से बड़ी संख्या में शिक्षक प्रभावित हैं और उनमें असंतोष बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने शिक्षा मंत्री से की तत्काल चर्चा-मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तत्काल दूरभाष पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री से चर्चा की, उन्होंने टीईटी संबंधी विसंगतियों और पुरानी पेंशन योजना में पूर्व सेवा अवधि की गणना जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए शीघ्र समाधान का अनुरोध किया, इसके साथ ही उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से भी फोन पर चर्चा कर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए, मंत्री ने लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के अधिकारियों से भी संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
शिक्षकों को दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा-स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की मांगें महत्वपूर्ण हैं और राज्य सरकार इनके समाधान के प्रति गंभीर एवं संवेदनशील है, उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
संवाद जारी रखने की बात- छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि संगठन भविष्य में भी शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखता रहेगा,आवश्यकता पड़ने पर व्यापक स्तर पर संवाद और सकारात्मक प्रयास जारी रखे जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी को भी सौंपा अलग ज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी से भी भेंट कर जिला स्तर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की, इस दौरान डीईओ को सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गईं अनुसूचित क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को 20 आकस्मिक अवकाश (सीएल) का लाभ दिया जाए,जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को अर्जित अवकाश प्रदान किया जाए, लोकसभा निर्वाचन कार्य में सेवाएं देने वाले शिक्षकों को अर्जित अवकाश स्वीकृत किया जाए,लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
शिक्षकों ने कहा…समयबद्ध समाधान से बढ़ेगा मनोबल
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि यदि इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाता है तो शिक्षकों को लंबे समय से चली आ रही प्रशासनिक समस्याओं से राहत मिलेगी, इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और शिक्षा व्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, संगठन ने उम्मीद जताई कि शासन एवं प्रशासन शिक्षकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए इन मांगों पर जल्द ठोस निर्णय लेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur