प्रदेश नेतृत्व ने की नियुक्ति, संगठन को और मजबूत करने की जताई उम्मीद
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी की सहमति से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने संभाग एवं जिला प्रभारियों की घोषणा की है। इसके तहत विकास शुक्ल ‘चंदन’ को सरगुजा संभाग के अंतर्गत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। विकास शुक्ल ‘चंदन’ लंबे समय से भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे भाजयुमो की प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश आईटी प्रमुख के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। इससे पहले वे जिला उपाध्यक्ष,जिला मंत्री,नगर प्रशिक्षण प्रमुख और नगर कार्यसमिति सदस्य सहित संगठन के विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। पार्टी ने उनकी संगठनात्मक सक्रियता, कार्यकुशलता और लंबे अनुभव को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति पर भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में संगठन और अधिक सशक्त होगा। नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विकास शुक्ल ‘चंदन’ ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उस पर वे पूरी निष्ठा, समर्पण और कार्यकर्ता भावना के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur