प्रियंका नारे लगाते एनडीए सांसदों के पास पहुंचीं…सुरक्षाकर्मियों ने रोका…
नई दिल्ली,23 जुलाई 2023। संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को संसद भवन के बाहर एनडीए और विपक्ष आमने-सामने आ गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्ष के सामने एनडीए के सांसद भी विरोध प्रदर्शन में उतर गए। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एनडीए सांसद पीएम आवास के बाहर 21 जुलाई को राहुल के धरने का विरोध कर रहे हैं। वहीं इंडिया ब्लॉक नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी एनडीए सांसदों के बिल्कुल करीब चली गईं। सुरक्षाकर्मियों ने बीच में आकर उन्हें रोका। संसद के भीतर भी हंगामा जारी रहा। इसके कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 2 बजे लोकसभा में कार्यवाही शुरू हुई तो भारी हंगामा शुरू हो गया। इस पर सदन की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। वहीं राज्यसभा की कार्यवाही हंगामे के चलते 3 बजे तक स्थगित कर दी गई। जब दोबारा सदन शुरू हुआ तो सांसदों ने फिर से हंगामा कर दिया। इसके बाद राज्यसभा भी 24 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सिब्बल बोले…सरकार पहले अपने नेताओं पर फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाए : राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि सरकार पहले अपनी पार्टी के उन नेताओं के खिलाफ फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाए,जिन पर पहले गंभीर आरोप लगाए गए थे और बाद में उन्हें पार्टी में शामिल कर लिया गया। उन्होंने सवाल किया कि उनके खिलाफ सीबीआई जांच क्यों नहीं हो रही और पहले से चल रही जांच क्यों रोक दी गई। सिब्बल ने कहा कि छात्रों का आंदोलन 28 जून से चल रहा है और 25 दिन बीत चुके हैं। इस दौरान सरकार ने न तो छात्रों से बातचीत की और न ही उनकी चिंताओं पर कोई बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब छात्र भूख हड़ताल पर बैठे थे, तब सरकार चुप रही और अब युवाओं के बढ़ते गुस्से को देखकर सरकार सक्रिय हुई है।
रिजिजू बोले…विपक्ष से हाथ जोड़कर अपील,चर्चा कब करनी है तय करें
हमने कल भी अपील की थी और आज भी सदन से अपील कर रहे हैं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं से व्यक्तिगत तौर पर भी बात की है। उन्हें सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया है हम हाथ जोड़कर विपक्ष से अनुरोध करते हैं कि वह तय करे कि चर्चा कब शुरू करनी है। सरकार तैयार है, लेकिन विपक्ष शर्तें रख रहा है। बहाने मत बनाइए,क्योंकि जब आप शर्तें और बहाने रखते हैं तो सभी समझ जाते हैं कि आप चर्चा से बचना चाहते हैं। आज एनडीए के सांसदों ने भी प्रदर्शन किया और देशभर में नीट पेपर लीक पर तुरंत चर्चा की मांग की। किसी भी परीक्षा में जिस-जिस राज्य में पेपर लीक हुआ है, उन सभी पर चर्चा होना जरूरी है। इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।
किरेन रिजिजू बोले…नीट पर चर्चा
चाहते थे,लेकिन विपक्ष ने शर्तें रख दीं
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक्स पोस्ट का हवाला देते हुए कहा कि सरकार नीट पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा शुरू करना चाहती थी। उन्होंने कहा कि बुधवार को कांग्रेस समेत कई विपक्षी नेताओं से बातचीत हुई थी और सभी ने समाधान निकालने की बात कही थी, लेकिन बाद में विपक्ष ने शर्तें रखनी शुरू कर दीं। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने संसद परिसर में कहा कि कांग्रेस बैनर लेकर प्रदर्शन कर सदन का समय बर्बाद कर रही है और जिन मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, उनसे भाग रही है। राज्यसभा में भी सुबह 11 बजे हंगामे के साथ कार्यवाही की शुरूआत हुई। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज जो बयान दिया है वह भड़काऊ है।
राज्यसभा में खड़गे के आरोपों पर नड्डा बोले…विपक्ष का व्यवहार गैर-जिम्मेदाराना
राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के आरोपों पर जवाब दिया। नड्डा ने कहा- विपक्ष का व्यवहार बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। वे न तो चर्चा करना चाहते हैं और न ही सदन चलने देना चाहते हैं।
प्रियंका बोलीं…पीएम मंगल मिशन का श्रेय
लेते हैं तो युवाओं के भविष्य की जिम्मेदारी भी लें…
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा- प्रधानमंत्री देश की हर उपलब्धि और मंगल मिशन तक का श्रेय लेते हैं, जो हमारे युवाओं और देशवासियों की मेहनत का नतीजा है। अब उनके जिम्मेदारी लेने का समय है।
रिजिजू बोले…नीट पेपर लीक पर सरकार किसी भी तरीके से चर्चा को तैयार
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन में कहा…सरकार लोकसभा और राज्यसभा में नीट पेपर लीक पर विपक्ष जिस तरीके से, जिस तारीख को और जितनी देर चाहे, चर्चा के लिए तैयार है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur