हिसार,12 जुलाई 2026। हरियाणा के हिसार से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां राजगुरु मार्केट स्थित एक मशहूर स्वीट शॉप की लिफ्ट में फंसकर एक वर्कर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि लिफ्ट में झटका लगते ही युवक की गर्दन धड़ से अलग हो गई। इस खौफनाक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान खुम्बा खेड़ा गांव निवासी जसबीर के रूप में हुई है,जो कल्पना स्वीट्स में हलवाई का काम करता था। जानकारी के मुताबिक,सुबह करीब 6 बजे जसबीर दुकान का कुछ सामान लेने के लिए लिफ्ट से दूसरी मंजिल पर जा रहा था। इसी दौरान उसकी गर्दन अचानक लिफ्ट के दरवाजों के बीच आ गई। लिफ्ट के ऊपर जाते ही एक जोरदार झटका लगा और जसबीर की गर्दन कटकर लिफ्ट की तारों पर जा गिरी,जबकि उसका धड़ लिफ्ट के अंदर ही उल्टा पड़ा रह गया। मौके से सामने आई तस्वीरों में मंजर बेहद विचलित करने वाला है। घटना की दर्दनाक खबर मिलते ही जसबीर के परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंच गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे को लेकर जसबीर के पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बेटे के साथ यह महज हादसा नहीं है, बल्कि दुकान में उसकी हत्या की गई है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur