
- एक बेटी चली गई…लेकिन क्या उसे बचाया जा सकता था? बैकुंठपुर की घटना ने झकझोरा पूरा तंत्र
- 18 घंटे में क्या हुआ? नाबालिग कीआत्महत्या ने पुलिस,परिवार और समाज तीनों को कटघरे में खड़ा किया
- चोरी के आरोप से मौत तक…आखिर कहां चूक गई व्यवस्था?
- क्या किसी ने उस बच्ची का दर्द समझा? बैकुंठपुर आत्महत्या प्रकरण में उठे कई अनुत्तरित सवाल
- सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, आत्ममंथन भी जरूरी, नाबालिग की आत्महत्या ने पुलिसिंग और समाज दोनों को आईना दिखाया
- एक फैसला जिसने सब कुछ बदल दिया…क्या समय रहते संवेदनशीलता दिखाई जाती तो बच सकती थी एक जान?
- एफआईआर, कथित प्रताड़ना, 18 घंटे का अंतराल, कॉल डिटेल, पुलिस की भूमिका, डीजीपी के संदेश और अभिभावकों की जिम्मेदारी—हर पहलू की पड़ताल करती विशेष रिपोर्ट
-रवि सिंह-
कोरिया/बैकुंठपुर,11 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आदिवासी नाबालिग छात्रा की आत्महत्या का मामला अब केवल एक आत्महत्या का मामला नहीं रह गया है,यह घटना समाज,पुलिस,अभिभावकों और पूरे प्रशासनिक तंत्र के सामने ऐसे प्रश्न छोड़ गई है जिनका उत्तर केवल आरोपियों की गिरफ्तारी से नहीं मिलेगा,आज पूरे जिले में लोगों की एक ही मांग है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले,यह मांग पूरी तरह उचित भी है,लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में एक ऐसा प्रश्न है, जिस पर शायद सबसे कम चर्चा हो रही है क्या इस बच्ची को बचाया जा सकता था? यदि पूरे घटनाक्रम का समयक्रम देखा जाए तो उत्तर पूरी तरह असंभव नहीं लगता, संभव है कि‘हाँ’,यदि समय रहते संवेदनशीलता दिखाई जाती,उसकी मानसिक स्थिति को समझा जाता और परिस्थितियों को केवल लेन-देन या विवाद के रूप में नहीं देखा जाता।
चोरी के आरोप से शुरू हुआ घटनाक्रम, अगले दिन मौत में बदल गया
प्राप्त जानकारी और दर्ज एफआईआर के अनुसार 7 जुलाई की शाम बैकुंठपुर स्थित एक निजी आईसी मार्ट में किशोरी पर चोरी का आरोप लगाया गया,शिकायत के अनुसार उसे दुकान में रोका गया, उससे पूछताछ की गई और कथित रूप से मानसिक दबाव बनाया गया,एफआईआर में यह भी आरोप है कि उससे लिखवाया गया कि उसने चोरी की है तथा उसकी स्कूटी भी रोक ली गई,एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि पहले लगभग 20 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये तक की राशि की मांग की गई, शिकायतकर्ता का कहना है कि राशि दिए बिना स्कूटी वापस नहीं करने की बात कही गई,इन आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्णय पुलिस विवेचना और न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही होगा,लेकिन इतना स्पष्ट है कि घटना के बाद किशोरी मानसिक दबाव में थी।
घटना के बाद पूरे 18 घंटे… लेकिन किसी ने बच्ची का मन नहीं पढ़ा?
जानकारी के अनुसार 7 जुलाई की शाम कथित चोरी की घटना सामने आई,अगले दिन लगभग 18 घंटे बाद नाबालिग ने आत्महत्या कर ली,यही 18 घंटे आज पूरे मामले का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं, क्योंकि इन 18 घंटों में परिवार को जानकारी थी,पुलिस तक भी विवाद की सूचना पहुंचने की बातें सामने आ रही हैं, दुकान संचालकों और परिवार के बीच बातचीत चल रही थी,समझौते के प्रयास भी किए जा रहे थे,लेकिन सबसे महत्वपूर्ण सवाल यही है की क्या किसी ने उस बच्ची से पूछा कि वह मानसिक रूप से किस स्थिति में है? क्या किसी ने उससे कहा कि गलती हुई है तो भी जिंदगी खत्म नहीं होती? क्या किसी ने यह समझने का प्रयास किया कि उसके मन में क्या चल रहा है? शायद नहीं…और यदि ऐसा नहीं हुआ तो यही इस पूरे मामले की सबसे बड़ी मानवीय विफलता मानी जाएगी।
कोरिया पुलिस के सामने लगातार उठते सवाल…
पिछले कुछ महीनों में कोरिया जिले में कई गंभीर घटनाओं के बाद पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न उठे हैं, पटना क्षेत्र 2023 की घटनाएं,नौगई तिहरा हत्याकांड,और अब यह आत्महत्या का मामला इन सभी घटनाओं के बाद लोगों के बीच यह चर्चा बढ़ी है कि क्या पुलिस समय रहते संभावित जोखिमों का आकलन करने में कहीं चूक रही है? यह कहना उचित नहीं होगा कि हर घटना के लिए पुलिस जिम्मेदार है,लेकिन यदि लगातार ऐसी घटनाओं के बाद समान प्रकार के प्रश्न उठ रहे हैं, तो विभाग के भीतर आत्ममंथन आवश्यक हो जाता है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को पहले ही थी…जानकारी,जांच में सीडीआर बन सकता है अहम साक्ष्य
विशेष सूत्रों के अनुसार कथित चोरी की घटना के बाद नाबालिग छात्रा ने स्वयं कोतवाली में पदस्थ एक एएसआई से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी,वहीं यह भी जानकारी सामने आ रही है कि दुकान संचालकों ने भी पुलिस को सूचना दी थी,इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच का विषय है,यदि जांच एजेंसियां मृतका द्वारा उपयोग किए गए मोबाइल फोन का कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकालती हैं,तो यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना से पहले और बाद में उसकी किन-किन लोगों से बातचीत हुई, उसने किसे फोन किया और किन लोगों ने उससे संपर्क किया,इसी प्रकार यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि 7 जुलाई को कथित चोरी की घटना सामने आने के बाद दुकान संचालकों ने सबसे पहले किस पुलिस अधिकारी या कर्मचारी से संपर्क किया था और उसके बाद पुलिस स्तर पर क्या कार्रवाई हुई,यदि इन पहलुओं की वैज्ञानिक जांच होती है तो घटनाक्रम की वास्तविक श्रृंखला स्पष्ट हो सकती है।
पुलिस की भूमिका पर क्यों उठ रहे हैं सवाल?
इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका इसलिए चर्चा में है क्योंकि आरोप हैं कि विवाद की जानकारी पुलिस तक पहले ही पहुंच चुकी थी,यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है कि पुलिस को जानकारी थी और दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई,तो स्वाभाविक रूप से यह प्रश्न उठेगा क्या उस समय नाबालिग की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को लेकर पर्याप्त संवेदनशीलता दिखाई गई? यह कहना उचित नहीं होगा कि पुलिस हर आत्महत्या रोक सकती है,लेकिन यह अपेक्षा अवश्य की जाती है कि जब किसी नाबालिग से जुड़ा विवाद सामने आए, तो पुलिस केवल कानूनी पहलू ही नहीं बल्कि मानवीय पहलू को भी महत्व दे,यही कारण है कि इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर चर्चा हो रही है,आज देशभर में बाल संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञ लगातार यह कहते हैं कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में कानूनी प्रक्रिया के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक सहयोग भी अनिवार्य होना चाहिए।
यदि पुलिस को जानकारी थी तो क्या संवेदनशील हस्तक्षेप होना चाहिए था?
यह कहना उचित नहीं होगा कि पुलिस हर आत्महत्या रोक सकती है,लेकिन जब किसी नाबालिग से जुड़ा गंभीर विवाद सामने आए और वह मानसिक दबाव में दिखाई दे,तब पुलिस की भूमिका केवल कानून तक सीमित नहीं रह जाती, ऐसे मामलों में संवेदनशील हस्तक्षेप भी पुलिसिंग का हिस्सा माना जाता है,यदि जांच में यह सामने आता है कि पुलिस को पहले से जानकारी थी, तो यह भी जांच का विषय होगा कि उस समय बच्ची की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को लेकर क्या प्रयास किए गए।
क्या सिर्फ चोरी का आरोप ही वजह था?
जांच एजेंसियों को इस संभावना पर भी विचार करना होगा कि कहीं आत्महत्या के पीछे केवल कथित चोरी की घटना ही कारण नहीं थी,18 घंटे के दौरान क्या कोई और घटना हुई? क्या बच्ची किसी और मानसिक दबाव में थी? क्या उसने किसी से अपनी बात साझा करने की कोशिश की? इन सभी प्रश्नों के उत्तर वैज्ञानिक जांच से ही सामने आएंगे।
दुकान संचालकों की भूमिका कानून तय करेगा…
एफआईआर में दुकान संचालकों पर कथित मानसिक प्रताड़ना,आर्थिक मांग और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं,इन आरोपों की सत्यता पुलिस विवेचना और न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही तय होगी, इसलिए दोष तय करना न्यायालय का विषय है, लेकिन यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह निश्चित रूप से गंभीर अपराध की श्रेणी में आएगा।
डीजीपी का संदेश : बेहतर पुलिसिंग के लिए आत्मसमीक्षा और संवेदनशीलता जरूरी…
हाल ही में एक वरिष्ठ पत्रकार को दिए गए साक्षात्कार में छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने पुलिस व्यवस्था और समाज के संबंधों पर कई महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बातें कहीं,उनका संदेश केवल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ही नहीं,बल्कि आम नागरिकों के लिए भी उतना ही प्रासंगिक है, उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज और पुलिस एक-दूसरे के पूरक हैं,समाज की पुलिस से अपेक्षाएं हैं, वहीं पुलिस की भी जिम्मेदारी है कि वह संवेदनशील, जवाबदेह और जनविश्वास के अनुरूप कार्य करे,डीजीपी ने कहा कि सीमित संसाधनों और सीमित पुलिस बल के बावजूद बेहतर सोच,ईमानदारी और सकारात्मक नेतृत्व से प्रभावी पुलिसिंग की जा सकती है,उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को केवल आदेश देने तक सीमित न रहें,बल्कि उन्हें सही सोच और संवेदनशील कार्यशैली के लिए प्रेरित करें,उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हर बड़ी घटना को रोक पाना संभव नहीं होता,लेकिन जिन घटनाओं को समय रहते सतर्कता, दूरदृष्टि और संवेदनशील हस्तक्षेप से रोका जा सकता है,वहां किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए,प्रत्येक गंभीर घटना के बाद विभाग को आत्मसमीक्षा करनी चाहिए कि चूक कहां हुई और भविष्य में उसे कैसे रोका जा सकता है, उनका पूरा संदेश यही था कि बेहतर पुलिसिंग का आधार केवल कानून नहीं, बल्कि संवेदनशीलता,आत्ममंथन,ईमानदारी और समाज के प्रति जवाबदेही है।
अभिभावकों के लिए भी बड़ा सबक…
यह घटना केवल पुलिस की नहीं,परिवार की भी जिम्मेदारी का संदेश देती है,आज अधिकांश अभिभावक बच्चों को अकेले खरीदारी के लिए भेज देते हैं,कम उम्र के बच्चों में परिस्थितियों को समझने और अचानक बने विवाद का सामना करने की क्षमता सीमित होती है,इसलिए विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि छोटे बच्चों को अकेले खरीदारी के लिए भेजने के बजाय अभिभावक स्वयं साथ जाएं,उन्हें सिखाएं कैसे खरीदारी की जाती है, कैसे भुगतान किया जाता है,किसी विवाद की स्थिति में क्या करना चाहिए,और सबसे महत्वपूर्ण किसी भी परेशानी में तुरंत घरवालों को बताना चाहिए।
परिवारों के लिए भी बड़ा सबक…
इस घटना का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष परिवार है,आज की पीढ़ी सोशल मीडिया, प्रतिस्पर्धा और सामाजिक दबाव के बीच जी रही है, ऐसे समय में अभिभावकों की भूमिका केवल आर्थिक जरूरतें पूरी करना नहीं रह गई है,उन्हें बच्चों की मानसिक स्थिति को समझना होगा,विशेषज्ञ मानते हैं कि बच्चों से रोज बातचीत करें,उनकी भावनाओं को महत्व दें,गलती होने पर संवाद करें,केवल दंड नहीं,उन्हें यह भरोसा दें कि परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा,कई बार केवल एक संवेदनशील बातचीत भी किसी की जान बचा सकती है।
यदि पुलिस को जानकारी थी तो क्या संवेदनशील हस्तक्षेप होना चाहिए था?
यह कहना उचित नहीं होगा कि पुलिस हर आत्महत्या रोक सकती है,लेकिन जब किसी नाबालिग से जुड़ा गंभीर विवाद सामने आए और वह मानसिक दबाव में दिखाई दे,तब पुलिस की भूमिका केवल कानून तक सीमित नहीं रह जाती, ऐसे मामलों में संवेदनशील हस्तक्षेप भी पुलिसिंग का हिस्सा माना जाता है,यदि जांच में यह सामने आता है कि पुलिस को पहले से जानकारी थी, तो यह भी जांच का विषय होगा कि उस समय बच्ची की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को लेकर क्या प्रयास किए गए।
क्या सिर्फ चोरी का आरोप ही वजह था?
जांच एजेंसियों को इस संभावना पर भी विचार करना होगा कि कहीं आत्महत्या के पीछे केवल कथित चोरी की घटना ही कारण नहीं थी,18 घंटे के दौरान क्या कोई और घटना हुई? क्या बच्ची किसी और मानसिक दबाव में थी? क्या उसने किसी से अपनी बात साझा करने की कोशिश की? इन सभी प्रश्नों के उत्तर वैज्ञानिक जांच से ही सामने आएंगे।
दुकान संचालकों की भूमिका कानून तय करेगा…
एफआईआर में दुकान संचालकों पर कथित मानसिक प्रताड़ना,आर्थिक मांग और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं,इन आरोपों की सत्यता पुलिस विवेचना और न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही तय होगी, इसलिए दोष तय करना न्यायालय का विषय है, लेकिन यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह निश्चित रूप से गंभीर अपराध की श्रेणी में आएगा।
पूर्व विधायक के सोशल मीडिया पोस्ट ने भी बढ़ाई चर्चा,पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे नए सवाल
आदिवासी नाबालिग छात्रा आत्महत्या प्रकरण में पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश और कार्रवाई जारी है। इसी बीच पूर्व विधायक गुलाब कमरो का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गया है,अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा है ‘कोरिया जिले को शर्मसार करने के बाद एसपी हटाए गए?’ इस पोस्ट के बाद जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली और हाल के घटनाक्रम को लेकर नई बहस शुरू हो गई है, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पोस्ट केवल एक राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि हाल के दिनों में कोरिया जिले में हुई घटनाओं के संदर्भ में पुलिस व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों को भी सामने लाता हैं, कुछ लोग यह भी मान रहे हैं कि यदि प्रारंभिक स्तर पर शिकायत मिलने के बाद अधिक संवेदनशीलता और प्रभावी हस्तक्षेप किया गया होता, तो संभवतः परिस्थितियां इतनी दुखद स्थिति तक नहीं पहुंचतीं, हालांकि, यह एक सार्वजनिक और राजनीतिक प्रतिक्रिया है तथा मामले में वास्तविक जिम्मेदारी और तथ्यों का निर्धारण पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा, फिलहाल यह सोशल मीडिया पोस्ट भी इस पूरे घटनाक्रम के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है और पुलिस की कार्यशैली को लेकर चल रही बहस को और तेज कर रहा है।
जांच केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए,जांच को यह भी स्पष्ट करना चाहिए…
घटना के समय कौन-कौन मौजूद था?
पुलिस को पहली सूचना कब मिली?
क्या किसी अधिकारी ने नाबालिग से बातचीत की?
क्या परिवार को उचित सलाह दी गई?
क्या बाल संरक्षण से जुड़ी कोई प्रक्रिया अपनाई गई?
क्या भविष्य के लिए ऐसी घटनाओं को रोकने का कोई प्रोटोकॉल बनाया जा सकता है? यदि यह जांच इन प्रश्नों तक पहुंचेगी, तभी इस घटना से कोई सकारात्मक सीख निकलेगी।
दोष तय करना अदालत का काम, सीख लेना समाज का दायित्व
यह ध्यान रखना आवश्यक है कि एफआईआर में दर्ज आरोप शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं,आरोपियों का पक्ष सामने आना और न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर दोष तय करना अभी शेष है,इसलिए किसी भी व्यक्ति को दोषी मान लेना उचित नहीं होगा,लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि एक 17 वर्षीय बच्ची अब इस दुनिया में नहीं है, और यह ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं।
समाज की भी जिम्मेदारी कम नहीं
यदि किसी किशोर पर आरोप लगता है, तो समाज का रवैया भी महत्वपूर्ण हो जाता है,आज सोशल मीडिया के दौर में किसी भी घटना पर तत्काल निर्णय,सार्वजनिक शर्मिंदगी और सामाजिक दबाव कई बार वास्तविक घटना से अधिक खतरनाक साबित हो जाते हैं,समाज को यह समझना होगा कि आरोप और अपराध सिद्ध होना दो अलग बातें हैं,विशेषकर नाबालिगों के मामलों में संवेदनशीलता सर्वोपरि होनी चाहिए।
एक बच्ची चली गई,अबकम से कम व्यवस्था जागे…
आज पूरा समाज पीडि़त परिवार के साथ खड़ा है,लोगों की मांग है कि यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो,यह न्याय व्यवस्था का दायित्व है, लेकिन इस घटना का दूसरा और शायद अधिक महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है? यदि किसी नाबालिग के साथ विवाद हो,तो केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि उसकी मानसिक स्थिति का भी तत्काल आकलन हो, यदि पुलिस को किसी किशोर के गंभीर मानसिक तनाव की आशंका हो,तो काउंसलिंग और परिवार के साथ समन्वय की व्यवस्था बने,यदि समाज और परिवार समय रहते संवाद करें,तो शायद कई दुखद घटनाएं टाली जा सकती हैं,पूजा पैकरा अब लौटकर नहीं आएगी,लेकिन यदि उसकी मृत्यु से व्यवस्था,समाज और परिवार कोई सीख लेते हैं, तो शायद भविष्य में किसी और बेटी की जिंदगी बचाई जा सकेगी, यही इस दुःखद घटना से निकलने वाला सबसे बड़ा संदेश होना चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur