-संवाददाता-
प्रतापपुर,11 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। नगर पंचायत प्रतापपुर एवं नगर पंचायत जरही के नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को प्रतापपुर के मंगल भवन में आयोजित किया गया। समारोह में प्रतापपुर विधानसभा की विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में एसडीएम ललिता भगत ने प्रतापपुर एवं जरही नगर पंचायत के नवनियुक्त एल्डरमैन लक्ष्मी गुप्ता, विजेंद्र कश्यप, बसराम सिंह, अरुण सिंह, रंजन सिंह एवं दीपक रजक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर पंचायतों के विकास के लिए राज्य सरकार विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मानती सिंह, उपाध्यक्ष अजीत शरण सिंह, मंडल अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, पूरन रजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur