-संवाददाता-
बतौली,11 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बैंक से 40 हजार रुपये निकालने के कुछ ही मिनट बाद स्कूटी की डिक्की से नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात शुक्रवार दोपहर बगीचा रोड स्थित विकास होटल के सामने हुई। पीडि़त होटल में नाश्ता करने गया था,इसी दौरान अज्ञात बदमाश डिक्की से रुपयों से भरा झोला लेकर फरार हो गए। शिकायत पर बतौली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम शिवपुर निवासी एवं उपसरपंच ओमप्रकाश गुप्ता (45) ने सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक,बतौली से खेती के कार्य के लिए 40 हजार रुपये निकाले थे। उन्होंने नकदी को लाल रंग के झोले में रखकर अपनी स्कूटी की डिक्की में रखा और पास ही स्थित विकास होटल में नाश्ता करने चले गए। कुछ देर बाद जब वे लौटे तो स्कूटी की डिक्की खुली मिली। अंदर रखा रुपयों से भरा झोला गायब था, जबकि बैंक पासबुक नीचे पड़ी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल बतौली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur