Breaking News

रायपुर/अंबिकापुर/कोरिया@सरगुजा संभाग में प्रशासनिक महा फेरबदल…

Share

कोरिया से बलरामपुर पहुंचीं चंदन त्रिपाठी,पुष्पा साहू को मिला जिला,रूष्टख् की कमान संतन देवी जांगड़े के हाथ
-न्यूज डेस्क-
रायपुर/अंबिकापुर/कोरिया,06 मई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन ने एक बार फिर बड़े प्रशासनिक फेरबदल के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की है कि सरकार अब जिलों की कार्यशैली,योजनाओं की रफ्तार और जमीनी मॉनिटरिंग को लेकर नए समीकरण तैयार कर रही है,सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी तबादला आदेश में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के प्रभार बदले गए,लेकिन सरगुजा संभाग में हुआ बदलाव सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गया हैं।
सरगुजा संभाग के तीन महत्वपूर्ण जिलों कोरिया,बलरामपुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में कलेक्टर स्तर पर बदलाव किया गया है,शासन ने कोरिया कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी को बलरामपुर-रामानुजगंज का नया कलेक्टर बनाया है,वहीं लंबे समय से जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू को कोरिया जिले की कमान सौंपी गई है, इसके साथ ही एमसीबी जिले में पूर्व जिला पंचायत सीईओ रहीं संतन देवी जांगड़े को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है,इन बदलावों ने प्रशासनिक गलियारों के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।
आखिरकार पुष्पा
साहू को मिला जिला

इस फेरबदल की सबसे बड़ी चर्चाओं में से एक नाम आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू का रहा,लंबे समय से प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा थी कि उन्हें जल्द किसी जिले की जिम्मेदारी मिल सकती है,अब शासन ने उन्हें कोरिया जिले का नया कलेक्टर बनाकर यह संकेत दे दिया है कि सरकार नए चेहरों को फील्ड में मौका देने के मूड में है, पुष्पा साहू इससे पहले विभिन्न प्रशासनिक विभागों में जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं, लेकिन जिला कलेक्टर की भूमिका हमेशा प्रशासनिक क्षमता की असली परीक्षा मानी जाती है, कोरिया जैसे सीमावर्ती और संसाधन आधारित जिले में उनकी कार्यशैली पर अब सभी की नजर रहेगी,कोरिया जिले में खनिज,वन,राजस्व,सड़क,स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से चर्चा में रहे हैं,इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं,ऐसे में नए कलेक्टर के सामने चुनौतियां कम नहीं होंगी।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
को मिला नया प्रशासनिक चेहरा

नवगठित जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में भी बड़ा बदलाव किया गया है, शासन ने यहां संतन देवी जांगड़े को नया कलेक्टर नियुक्त किया है, संतन देवी जांगड़े पहले कोरिया जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रह चुकी हैं और क्षेत्र की प्रशासनिक व भौगोलिक परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित मानी जाती हैं, जिला पंचायत में रहते हुए उन्होंने ग्रामीण विकास, पंचायत योजनाओं और जमीनी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाई थी,यही कारण है कि शासन ने उन्हें मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जैसे नए जिले की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया,मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला अभी प्रशासनिक रूप से पूरी तरह स्थिर नहीं माना जाता। यहां आधारभूत ढांचे, राजस्व व्यवस्था,नगरीय विकास, स्वास्थ्य सुविधाएं और ग्रामीण योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर लगातार काम जारी है। ऐसे में संतन देवी जांगड़े के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रशासनिक संतुलन और विकास की गति बनाए रखने की होगी।
कोरिया से विदाई…अब बलरामपुर की जिम्मेदारी…
कोरिया जिले की कलेक्टर रहीं चंदन संजय त्रिपाठी को अब बलरामपुर जिले की जिम्मेदारी दी गई है,कोरिया में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई प्रशासनिक अभियानों,राजस्व मामलों,जनदर्शन और सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई थी,हालांकि उनके कार्यकाल को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं भी सामने आती रहीं,एक वर्ग उन्हें शांत और व्यवस्थित प्रशासनिक अधिकारी मानता रहा,तो वहीं कई मामलों में स्थानीय स्तर पर धीमी प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर सवाल भी उठे,इसके बावजूद शासन ने उन्हें संवेदनशील और सीमावर्ती जिला बलरामपुर की जिम्मेदारी देकर भरोसा जताया है,बलरामपुर जिला कानून व्यवस्था, सीमावर्ती गतिविधियों और आदिवासी अंचल की चुनौतियों के कारण प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, ऐसे में वहां उनका कार्यकाल चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।
नए अधिकारियों के
सामने क्या होंगी चुनौतियां?

कोरियाः-
– स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार
– ग्रामीण सड़कों और बुनियादी ढांचे की स्थिति
– राजस्व मामलों का निराकरण
– सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासनिक पकड़ मजबूत करना
बलरामपुरः-
– कानून व्यवस्था
– वन एवं आदिवासी क्षेत्रों की समस्याएं
– विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग
– संवेदनशील इलाकों में प्रशासनिक सक्रियता
एमसीबीः-
– नवगठित जिले की प्रशासनिक संरचना को मजबूत करना
– नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विकास
– स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुधारना
– विभागीय समन्वय को बेहतर बनाना
क्या सिर्फ तबादला या बड़े राजनीतिक संकेत?
सरगुजा संभाग में एक साथ तीन जिलों के कलेक्टर बदलने को केवल नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं माना जा रहा,राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इसे आने वाले समय की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है,माना जा रहा है कि शासन अब जिलों में योजनाओं के क्रियान्वयन,जनसंपर्क और प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर ज्यादा सख्ती के मूड में है, कई जिलों में योजनाओं की धीमी प्रगति, शिकायतों और जमीनी असंतोष को देखते हुए यह फेरबदल किया गया है, कुछ जानकार इसे आगामी राजनीतिक समीकरणों और क्षेत्रीय संतुलन से भी जोड़कर देख रहे हैं, खासकर सरगुजा संभाग, जो हमेशा से राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील माना जाता रहा है, वहां प्रशासनिक बदलावों को सामान्य नजर से नहीं देखा जाता।
जनता की नजर अब कामकाज पर
तबादला आदेश जारी होते ही प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं, लेकिन आम जनता की अपेक्षा अब केवल एक ही है— ‘जमीन पर काम दिखाई दे, सरगुजा संभाग के कई जिलों में स्वास्थ्य व्यवस्था, सड़क, शिक्षा,पेयजल और राजस्व से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आती रही हैं, ऐसे में नए अधिकारियों से लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं, अब देखना यह होगा कि ये प्रशासनिक बदलाव केवल फाइलों तक सीमित रहते हैं या फिर वास्तव में जिलों की कार्यशैली और विकास की रफ्तार में भी बदलाव नजर आता है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@बतौली मेन मार्केट में दिनदहाड़े चोरी,1.70 लाख रुपए पार

Share दुकानदार को बातों में उलझाकर वारदात,सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी -संवाददाता-अम्बिकापुर,06 मई 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply