Breaking News

अम्बिकापुर@ख्रीस्त राजा के जयकारों से गूंजा शहर…मसीहियों ने नकाली शोभायात्रा

Share


बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा ने दिया प्रेम,न्याय और शांति का संदेश

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। ख्रीस्त राजा पर्व के अवसर पर रविवार को मसीही समाज की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सरगुजा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. अंतोनिश बड़ा की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला,पुरुष,युवा और बच्चे शामिल हुए। ख्रीस्त राजा के जयकारों और भक्ति गीतों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महागिरजाघर से प्रारंभ हुई। यह कर्ताराम गली,गांधी चौक,घड़ी चौक,संगम चौक,महामाया चौक,गुरुनानक चौक,गुदरी चौक, जोड़ा पीपल और आकाशवाणी चौक होते हुए सेंट जेवियर स्कूल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें शहर के तीनों रोमन कैथोलिक चर्च के पुरोहित और अनुयायी शामिल हुए। यात्रा में युवक-युवतियां पारंपरिक परिधानों में नृत्य करते और भजन गाते हुए चल रहे थे। वहीं,परी के वेश में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान निकाली गई आकर्षक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में फादर अनिल एक्का,बलधीर टोप्पो,संतोष किस्पोट्टा,पंकज,डॉ. रोजलिन,सिस्टर जार्जिना, सिस्टर ममता,सिस्टर फिलोमीना सहित संत अन्ना,होलीक्रॉस, उर्सुलाइन और चैरिटी सिस्टर्स की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग शामिल रहे।
बिशप ने दिया प्रेम और सेवा का संदेश : शोभायात्रा के समापन के बाद विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। मुख्य अनुष्ठाता बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा के साथ वीजी फादर विलियम उर्रे,महागिरजाघर के पल्ली पुरोहित फादर जार्ज ग्रे कुजूर और फादर एल्फिज ने अनुष्ठान संपन्न कराया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए बिशप डॉ. अंतोनिश बड़ा ने कहा कि पूर्व के राजा निरंकुश होकर अपने ऐशो-आराम में लगे रहते थे,लेकिन ईसा मसीह न्याय,प्रेम और शांति पर आधारित राज्य की स्थापना का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन सभी को अपने कर्मों का हिसाब देना होगा। न्याय के दिन ईसा मसीह उन लोगों को महत्व देंगे,जिन्होंने अपने जीवन में जरूरतमंद और छोटे से छोटे भाई-बहनों की सेवा की होगी। दूसरों के प्रति किया गया प्रेम और सेवा ही ईश्वर के प्रति सच्ची भक्ति है। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान फादर अनुरंजन और फादर जॉन जैसवाल ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए। मंच संचालन फादर इसहाक ने किया।
क्रिसमस की तैयारियों का आगाज
ख्रीस्त राजा पर्व की शोभायात्रा क्रिसमस से ठीक एक माह पहले निकाली जाती है। इसके बाद मसीही समाज अपने प्रमुख त्योहार क्रिसमस की तैयारियों में जुट जाता है। घरों और गिरजाघरों में चरनी निर्माण सहित अन्य तैयारियां शुरू हो जाती हैं।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@कोरिया में 622 स्काउट्स-गाइड्स ने सीखे सेवा,अनुशासन और आत्मनिर्भरता के गुर

Share पांच प्रशिक्षण केंद्रों पर 17 से 21 नवंबर तक आयोजित हुआ द्वितीय सोपान प्रशिक्षण …

Leave a Reply