Breaking News

रायपुर@छत्तीसगढ़ में पटवारियों की 40 दिन से जारी हड़ताल स्थगित

Share


सीएम से मुलाकात के बाद फैसला,कांग्रेस बोली…डरा-धमकाकर आंदोलन खत्म कराया

रायपुर,22 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की 40 दिन से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद राजस्व पटवारी संघ ने आंदोलन खत्म करने का फैसला लिया। संघ के प्रांताध्यक्ष ने हड़ताल स्थगित करने संबंधी पत्र भी जारी किया है। पटवारी 13 अक्टूबर से पीवी ऐप की तकनीकी खामियां दूर करने की मांग को लेकर हड़ताल पर थे।
इससे राजस्व विभाग के कामकाज प्रभावित हो रहे थे। अब पटवारियों के काम पर लौटने से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय का कहना है कि भाजपा सरकार डराने-धमकाने और नौकरी से निकालने की धमकी देकर दबावपूर्ण तरीके से पटवारियों की हड़ताल खत्म करा रही है।
पीवी ऐप की खामियों को लेकर शुरू किया था आंदोलन : राजस्व पटवारी संघ लंबे समय से पीवी ऐप की तकनीकी और व्यावहारिक खामियां दूर करने की मांग कर रहा था। पटवारियों का कहना था कि ऐप में आ रही दिक्कतों से मैदानी स्तर पर काम करने में परेशानी हो रही है। इन खामियों को दूर करने की मांग को लेकर पटवारियों ने 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी।
सीएम साय ने कमेटी बनाकर मांगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए
पटवारी संघ की ओर से भागवत कश्यप ने कहा कि ‘हमने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी सभी मांगें उनके सामने रखीं। उन्होंने कमेटी बनाकर उन पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। तूफान से किसानों को भी नुकसान हुआ है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल आंदोलन स्थगित कर रहे हैं। ‘ कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि पटवारी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे थे। शासन के कामकाज में पटवारियों की अहम भूमिका है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या पटवारियों की सभी मांगें पूरी कर दी गई हैं या सिर्फ दिलासा देकर दबाव बनाकर आंदोलन खत्म कराया गया है।
राजस्व के कामकाज पर पड़ा असर
करीब 40 दिनों तक चली हड़ताल से राजस्व विभाग का कामकाज प्रभावित हुआ। जमीन से जुड़े दस्तावेज, नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व सेवाओं के काम अटक गए। इसके चलते आम लोगों को अपने काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़े।
सीएम से मुलाकात के बाद लिया फैसला
हड़ताल खत्म करने को लेकर पटवारी संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इस दौरान अपनी मांगों और पीवी ऐप से जुड़ी समस्याओं को रखा। मुलाकात के बाद संघ ने फिलहाल हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। प्रांताध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई है। हड़ताल स्थगित होने से पटवारियों के काम पर लौटने का रास्ता साफ हो गया है। इससे लंबित राजस्व प्रकरणों के निपटारे में तेजी आने और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पीवी ऐप की तकनीकी खामियों को दूर करने और संघ की अन्य मांगों पर आगे क्या कार्रवाई होगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।


Share

Check Also

सक्ती@रामायण पाठ में भजन गाने जा रहे 3 की मौत

Share तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर,एक ही गांव के रहने वाले थे …

Leave a Reply