वॉट्सऐप कॉल पर खुद को बिश्नोई गैंग का बताया,कारोबारी को विस्फोट से उड़ाने की धमकी
दुर्ग-भिलाई,21 नवम्बर 2026। दुर्ग में दवा कारोबारी और मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। 19 नवंबर को उन्हें वॉट्सऐप पर धमकी भरा वॉइस नोट मिला। इसके साथ कॉल करके भी धमकाया गया। वॉइस नोट और कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए धमकी दी कि रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या कर देंगे।
धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने उसी दिन शाम को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई। परिवार की सुरक्षा के लिए घर के बाहर तीन दिन से पुलिस तैनात है। मामला दुर्ग के कोतवाली थाना इलाके का है।
घर के बाहर पुलिस तैनात, नंबर की जांच जारी : शिकायत मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। कारोबारी के घर के बाहर पुलिस की टीम तैनात की गई है। पुलिस वॉट्सऐप पर आए वॉइस मैसेज और कॉल औ उससे जुड़े नंबर की जांच कर रही है। दूसरे तकनीकी सबूत भी जुटाए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता से इनकार किया है। जांच की जा रही है कि वॉइस मैसेज भेजने वाले का गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या उसने सिर्फ नाम लेकर कारोबारी को डराने की कोशिश की है।
मेडिकल खरीदी मामले में भी चर्चा में रहे हैं शशांक : शशांक चोपड़ा की फर्म मेडिकल उपकरण,जांच में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और स्वास्थ्य से जुड़ा सामान सप्लाई करती है। उनका नाम छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरण और री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था। इस मामले मे एसीबी और ईओडब्ल्यू ने जनवरी 2025 में केस दर्ज किया था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय ने भी लेनदेन की जांच शुरू की। जांच एजेंसियों ने खरीदी में गड़बड़ी और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे। इस मामले में शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार भी किया गया था। बाद में उन्हें अलग-अलग मामलों में अदालत से जमानत मिली।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur