Breaking News

बिलासपुर@राष्ट्रपति स्काउट-गाइड बनने की राह में 104 प्रतिभागियों की कड़ी परीक्षा

Share


खोडरी में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिविर शुरू,सफल अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर सीबीटी देनी होगी,शीर्ष 120 को मिलेगा राष्ट्रपति प्रमाण-पत्र

बिलासपुर,22 नवम्बर 2026। राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रमाण-पत्र हासिल करने की राह आसान नहीं है। इसके लिए प्रतिभागियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और व्यावहारिक दक्षता की कसौटी पर खरा उतरना होगा। इसी उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्यालय द्वारा राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। 19 से 23 नवंबर तक खोडरी स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र में चल रहे इस शिविर में तीन राज्यों के 104 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। शिविर का शुभारंभ 19 नवंबर को रेलवे भर्ती बोर्ड बिलासपुर के अध्यक्ष एवं राज्य मुख्य आयुक्त पीयूष गुप्ता तथा राज्य सचिव एवं मंडल कार्मिक अधिकारी यू. शिव शंकर राव की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरे उत्साह और समर्पण के साथ परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्हें कार्ड नंबर और टेस्ट कार्ड भी प्रदान किए गए।
तीन राज्यों के प्रतिभागी, 8 परीक्षक ले रहे परीक्षा : शिविर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 70, छत्तीसगढ़ के 28 और मध्य प्रदेश के 6 प्रतिभागी शामिल हैं। इनमें 13 स्काउट्स, 39 गाइड्स, 30 रोवर्स और 22 रेंजर्स हैं। राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा नामित ऑब्जर्वर सहित आठ अधिकृत परीक्षक निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर प्रतिभागियों की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता परख रहे हैं। नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संगठनात्मक कौशल और सेवा भावना भी मूल्यांकन का हिस्सा है।
अगले चरण में होगी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा : राज्य स्तरीय परीक्षण में सफल प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मुख्यालय की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होना होगा। अखिल भारतीय स्तर पर चयनित शीर्ष 120 उम्मीदवारों को राष्ट्रपति महोदया द्वारा राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
दूसरे दिन अधिकारियों ने किया निरीक्षण : शिविर के दूसरे दिन राज्य आयुक्त (गाइड) एवं उप मुख्य संरक्षा अधिकारी शिवरंजनी पोपली वर्मा ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षण गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रतिभागियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। शिविर का आयोजन राज्य मुख्य आयुक्त पीयूष गुप्ता के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन में जिला आयुक्त (स्काउट) एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह का विशेष सहयोग मिल रहा है। वहीं धीरेन्द्र कुमार सिंह, यू. शिव शंकर राव, शिवरंजनी पोपली वर्मा,अदिति दुबे और किशोर निखारे सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में मार्गदर्शन दे रहे हैं। शिविर का समन्वय एवं संचालन राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) जी. लोकेश राव द्वारा राष्ट्रीय मुख्यालय के सहायक निदेशक महेंद्र शर्मा एवं रेलवे के अधिकारियों के साथ समन्वय से किया जा रहा है। यह शिविर केवल प्रमाण-पत्र हासिल करने की प्रक्रिया नहीं,बल्कि युवाओं में नेतृत्व, आत्मनिर्भरता,अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का भी अवसर है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए किसान कांग्रेस की बड़ी पहल,प्रेम सागर तिवारी ने दी कंट्रोल रूम की जानकारी

Share दीपक बैज ने राजीव भवन में किया प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन,प्रदेश के …

Leave a Reply