
- चार जिलों में निर्माण कार्यों की खुली पोल,लोक निर्माण सचिव ने ठेकेदारों पर दिखाई सख्ती…
- सड़क खराब मिली तो ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट…निर्माण में देरी पर भी नोटिस का निर्देश…
- लोक निर्माण सचिव का चार जिलों में औचक निरीक्षण,लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश
- सड़कों की बदहाली और निर्माण में देरी पर विभाग सख्त,बैंक गारंटी जब्ती की तैयारी…
- प्रतापपुर से मैनपाट तक निर्माण कार्यों की पड़ताल,सचिव ने मौके पर तय की जवाबदेही…
- 89 करोड़ की सड़क से लेकर मेडिकल कॉलेज तक निरीक्षण,गुणवत्ता और समय-सीमा पर सचिव का जोर…
- दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के ठेकेदारों को नोटिस,सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
- सूरजपुर में बिशुनपुर-ओड़गी मार्ग पर डामरीकरण तत्काल शुरू कराने को कहा, तारा-प्रेमनगर मार्ग के लिए जून 2027 की समय-सीमा
- कॉलेज भवन के स्लैब निर्माण की तारीख तय,मेडिकल कॉलेज अस्पताल की धीमी प्रगति पर ठेकेदार को नोटिस
-न्यूज डेस्क-
सूरजपुर/अंबिकापुर,22 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सड़कों के संधारण में लापरवाही और निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर अब लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है, विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक जशपुर,सरगुजा,सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में विभिन्न निर्माण एवं संधारण कार्यों का मौके पर निरीक्षण कर अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़े निर्देश दिए,उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क संधारण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने की प्रक्रिया शुरू की जाए और सुधार नहीं होने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए,धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश- सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण के दौरान संधारण अवधि में अपेक्षित रखरखाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर सचिव ने दोनों मार्गों के संबंधित ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के संबंध में नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए,उन्होंने कहा कि यदि ठेकेदार संधारण कार्य में लापरवाही बरतते हैं तो उनके विरुद्ध ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए,दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल की पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए गए,वहीं सोनतराई-मैनपाट मार्ग पर कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन सड़क निर्माण के लिए संशोधित प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।
कॉलेज और मेडिकल कॉलेज निर्माण की धीमी रफ्तार पर सख्ती- कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन का निरीक्षण करते हुए सचिव ने निर्माण कार्य के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की,उन्होंने आगामी 15 दिसंबर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब की ढलाई और 15 जनवरी 2027 तक भूतल का पूरा स्लैब निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए,उन्होंने कॉलेज निर्माण के लिए चिह्नांकित भूमि का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा पाए जाने पर कलेक्टर से समन्वय कर उसे हटाने की कार्रवाई करने को कहा,भवन की सुरक्षा के लिए टाटा वायरॉन फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए गए,मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण में धीमी प्रगति पर सचिव ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने को कहा,निर्माण की गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी अभियंता नियुक्त करने के निर्देश दिए गए,निगरानी व्यवस्था के तहत उप अभियंता को प्रतिदिन, अनुविभागीय अधिकारी को दो दिन में एक बार तथा अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को प्रत्येक 30 दिन में निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई,कार्यपालन अभियंता को भी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
89 करोड़ से अधिक की लागत वाले राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण-बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि योजना के अंतर्गत उन्नयन एवं मजबूतीकरण किए गए राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण किया, लगभग 29.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का इसी वर्ष जनवरी में 89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से उन्नयन और मजबूतीकरण किया गया है,यह सड़क पांच वर्ष की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है,सचिव ने सड़क की मौजूदा स्थिति और संधारण व्यवस्था का जायजा लिया,दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी,गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन और सड़क संधारण में तत्परता बरतने के निर्देश दिए, उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेकेदारों की जिम्मेदारी केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुबंध के तहत निर्धारित संधारण अवधि में सड़क की स्थिति बनाए रखना भी उनकी जवाबदेही है,अब विभागीय निर्देशों के बाद निगाहें इस बात पर रहेंगी कि जिन मार्गों पर लापरवाही सामने आई है,वहां वास्तव में सुधार होता है या नहीं और संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध बैंक गारंटी राजसात करने तथा ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई कितनी आगे बढ़ती है।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने सड़कों,पुल
पुलियों,कॉलेज भवनों,मेडिकल कॉलेज अस्पताल,एयरपोर्ट और अन्य विभागीय निर्माण कार्यों की प्रगति तथा गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्यों की नियमित निगरानी हो और निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूरा कराया जाए, सचिव बंसल ने प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी,अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत,अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आर.एस.तोमर सहित संबंधित संभागों के कार्यपालन अभियंताओं,अनुविभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान जशपुर,मनोरा,सन्ना,बगीचा,कांसाबेल, बागबहार,कोतबा,लुड़ेग,सीतापुर, पत्थलगांव,मैनपाट,दरिमा,राजपुर, प्रतापपुर,भैयाथान और सूरजपुर सहित कई स्थानों पर सड़क एवं निर्माण कार्यों की स्थिति देखी गई।
दरिमा एयरपोर्ट की सड़क और बाउंड्रीवॉल पर भी ध्यान
दरिमा एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान सचिव ने टर्मिनल भवन के सामने सड़क की रि-कारपेटिंग कराने तथा एयरपोर्ट के किनारे बीसीएएस मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए,परिसर में घास की कटाई तत्काल शुरू कराने को भी कहा गया,उन्होंने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय भवन और सड़क परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई,छत के रखरखाव तथा परिसर से घास-फूस और खरपतवार हटाने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसर में बाउंड्रीवॉल,शेड निर्माण,क्वार्टरों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था के लिए प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया,दरवाजों और खिड़कियों की मरम्मत सहित आवश्यक कार्यों को नियमानुसार स्वीकृति लेकर शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
सूरजपुर में डामरीकरण तत्काल शुरू करने के निर्देश
सूरजपुर जिले में सचिव ने बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग का निरीक्षण किया, उन्होंने सड़क पर डामरीकरण का कार्य तत्काल शुरू कराने और उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए,इसके अलावा 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति भी देखी,निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने बताया कि लगभग 10 किलोमीटर सड़क पर डब्ल्यूएमएम का कार्य पूरा कर लिया गया है और बैच मिक्स प्लांट स्थापित हो चुका है,अगले तीन-चार दिनों में प्लांट का कैलिब्रेशन सहित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर डामरीकरण शुरू करने की जानकारी दी गई,ठेकेदार ने जून 2027 तक अनुबंध के सभी कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया,इस पर सचिव ने डामरीकरण शीघ्र शुरू कर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए,सचिव ने सूरजपुर स्थित कलेक्टर बंगले में अतिरिक्त कक्ष निर्माण,सूरजपुर ऑडिटोरियम के मरम्मत कार्य और जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur