Breaking News

मनेंद्रगढ़@ मनेंद्रगढ़ में भूपेश बघेल का शक्ति प्रदर्शन! भव्य स्वागत,बाबा श्याम के दरबार में मत्था और सियासी सवालों पर बेबाक जवाब

Share

  • मनेंद्रगढ़ पहुंचते ही छाए भूपेश बघेल, ‘लव यू मनेंद्रगढ़’ से जताया अपनापन…सियासी बयानों ने बढ़ाई हलचल
  • आस्था, आत्मीयता और सियासत का संगम बना भूपेश बघेल का मनेंद्रगढ़ दौरा, ‘लव यू मनेंद्रगढ़’ की पोस्ट ने खींचा ध्यान
  • भव्य स्वागत से अभिभूत
  • भूपेश बघेल बोले- ‘लव यू मनेंद्रगढ़’, देवेंद्र यादव और पूर्व ओएसडी के सवालों पर भी दिया जवाब
  • जिला गठन की यादों के बीच मनेंद्रगढ़ पहुंचे भूपेश बघेल,कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह; भाजपा सरकार पर साधा निशाना
  • खाटू श्याम बाबा को 56 भोग अर्पित कर मांगी प्रदेश की खुशहाली,जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद
  • देवेंद्र यादव से संबंधों पर बोले…‘किससे खराब है भाई मेरा’,पूर्व ओएसडी की पोस्ट को बताया निजी विचार
  • एमसीबी जिला गठन से जुड़े भावनात्मक रिश्ते का किया उल्लेख,सोशल मीडिया पर ‘लव यू मनेंद्रगढ़’ संदेश की चर्चा।


-रवि सिंह-
मनेंद्रगढ़,21 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल का शुक्रवार को मनेंद्रगढ़ प्रवास धार्मिक आस्था,राजनीतिक संवाद,संगठनात्मक सक्रियता और स्थानीय आत्मीयता के कई रंगों के साथ चर्चा में रहा,उनके आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने जिस उत्साह और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया,उसने पूरे दौरे को खास बना दिया। स्वागत के दौरान उमड़े जनसमूह और कार्यकर्ताओं के उत्साह से अभिभूत भूपेश बघेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर स्वागत का वीडियो साझा करते हुए लिखा- ‘लव यू मनेंद्रगढ़’।
उनके इस छोटे से संदेश ने स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में विशेष चर्चा पैदा कर दी, सोशल मीडिया पर समर्थकों ने भी ‘लव यू टू काका’ लिखकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं, एक ओर बाबा श्याम के दरबार में पूजा-अर्चना और 56 भोग अर्पित करने का धार्मिक प्रसंग चर्चा में रहा,तो दूसरी ओर कांग्रेस कार्यालय में संगठनात्मक संवाद, भाजपा सरकार पर निशाना और पत्रकारों के सवालों पर दिए गए उनके चुटीले जवाबों ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ाई।
खाटू श्याम बाबा के दरबार में मत्था टेककर मांगी प्रदेश की खुशहाली- मनेंद्रगढ़ प्रवास की शुरुआत भूपेश बघेल ने प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ की, उन्होंने बाबा श्याम के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और 56 भोग अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा जनकल्याण की कामना की, धार्मिक स्थल पर उनकी मौजूदगी के दौरान श्रद्धा और आत्मीयता का वातावरण दिखाई दिया,मंदिर में दर्शन के बाद वे पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी के निवास पहुंचे। यहां परिवारजनों और स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया,इस मुलाकात के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल रहा,धार्मिक दर्शन और स्थानीय परिवार से मुलाकात के बाद उनका काफिला जिला कांग्रेस कार्यालय की ओर रवाना हुआ, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत की व्यापक तैयारियां कर रखी थीं।
केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का आह्वान– जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान भूपेश बघेल ने संगठनात्मक गतिविधियों और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की,इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी असहमति जाहिर की,उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आम जनता से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय रखने का आह्वान किया, उनका जोर इस बात पर रहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उन मुद्दों को राजनीतिक तथा लोकतांत्रिक मंचों पर मजबूती से उठाएं,उनके संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया, दौरे के इस हिस्से को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है,क्योंकि वरिष्ठ नेतृत्व की मौजूदगी में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी संवाद का अवसर मिला।
पूर्व ओएसडी की सोशल मीडिया पोस्ट पर सफाई,निजी विचारों को पार्टी से अलग बताया– प्रेस से बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री से उनके पूर्व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) की कथित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी सवाल किया गया, वायरल पोस्ट में लिखे गए कथित वाक्य- ‘बाप तो बाप रहेगा, जिस पेड़ पर बैठोगे काटोगे तो इति सिद्धम…’ को लेकर जब पत्रकार ने उनका पक्ष जानना चाहा, तो भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति की ओर से सोशल मीडिया पर व्यक्त किए गए विचारों को पार्टी का आधिकारिक विचार नहीं माना जाना चाहिए, उन्होंने कहा कि यह संबंधित व्यक्ति के निजी विचार हो सकते हैं और इन्हें कांग्रेस पार्टी की विचारधारा अथवा आधिकारिक रुख से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए,उनके इस जवाब को व्यक्तिगत अभिव्यक्ति और राजनीतिक संगठन के आधिकारिक दृष्टिकोण के बीच अंतर स्पष्ट करने के प्रयास के रूप में देखा गया,यह सवाल इसलिए भी चर्चा में रहा, क्योंकि सोशल मीडिया पर किसी पदाधिकारी या पूर्व सहयोगी की टिप्पणी को अक्सर राजनीतिक दल के रुख से जोड़कर देखा जाने लगता है,भूपेश बघेल ने अपने जवाब के जरिए पार्टी की आधिकारिक स्थिति और किसी व्यक्ति की निजी टिप्पणी को अलग-अलग रखने की बात कही।
एमसीबी जिला गठन से जुड़ा है मनेंद्रगढ़ के साथ भावनात्मक रिश्ता- भूपेश बघेल के मनेंद्रगढ़ प्रवास के दौरान स्थानीय स्तर पर दिखाई दिया उत्साह केवल राजनीतिक स्वागत तक सीमित नहीं था, इस क्षेत्र के साथ उनका पुराना राजनीतिक और भावनात्मक जुड़ाव भी इसकी एक बड़ी वजह रहा, उनके मुख्यमंत्रित्व काल में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) को नए जिले के रूप में गठित किया गया था,क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही जिला गठन की मांग पूरी होने के बाद इस अंचल के लोगों के बीच उनके प्रति एक विशेष जुड़ाव बना, जिला गठन को क्षेत्र के प्रशासनिक विकास और स्थानीय पहचान से जोड़कर देखा जाता रहा है। ऐसे में भूपेश बघेल का मनेंद्रगढ़ पहुंचना स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ उन लोगों के लिए भी विशेष महत्व रखता है,जो नए जिले के गठन को क्षेत्र की एक बड़ी उपलब्धि मानते हैं, जिला गठन के बाद उनके पहले आगमन पर भी क्षेत्र में व्यापक स्वागत हुआ था, शुक्रवार को एक बार फिर सड़कों और जिला कांग्रेस कार्यालय में दिखाई दिया उत्साह पुराने जुड़ाव की याद दिलाता नजर आया, स्वागत का वीडियो साझा कर ‘लव यू मनेंद्रगढ़’ लिखना भी इसी आत्मीयता की अभिव्यक्ति के रूप में देखा गया।
स्वागत में वरिष्ठ नेताओं से लेकर युवा कार्यकर्ताओं तक की मौजूदगी- भूपेश बघेल के स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों की व्यापक मौजूदगी रही, इस दौरान सूरजपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह, विधायक गुलाब कमरों,मनेंद्रगढ़ विधानसभा के विधायक प्रत्याशी रमेश सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, जिला कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन, जिला महामंत्री पूनम सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण रामनरेश पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शहरी सौरव मिश्रा, मंडल अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष अमित पुरी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी और रामा यादव सहित पार्षदगण, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आत्मीय स्वागत के साथ सियासी संदेश भी छोड़ गया दौरा- कुल मिलाकर भूपेश बघेल का मनेंद्रगढ़ प्रवास कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा, खाटू श्याम बाबा के दरबार में पूजा-अर्चना और 56 भोग अर्पित करने से शुरू हुआ दौरा कांग्रेस कार्यालय में संगठनात्मक संवाद और राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंचा,‘लव यू मनेंद्रगढ़’ के संदेश ने स्थानीय लोगों के साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव को चर्चा में ला दिया, तो देवेंद्र यादव से संबंधों और पूर्व ओएसडी की सोशल मीडिया पोस्ट पर दिए गए जवाबों ने राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा,इस दौरे में एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ नेतृत्व से संवाद का अवसर मिला,वहीं दूसरी ओर भूपेश बघेल ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ पार्टी की राजनीतिक लड़ाई को जनहित के मुद्दों पर आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया। मनेंद्रगढ़ में मिले स्वागत और उनके सार्वजनिक बयानों ने यह स्पष्ट किया कि यह प्रवास केवल औपचारिक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि इसमें स्थानीय भावनाओं, पार्टी की एकजुटता और प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई संदेश भी शामिल रहे।
जिला कांग्रेस कार्यालय में उमड़ा कार्यकर्ताओं का उत्साह,संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा
पूर्व मुख्यमंत्री के जिला कांग्रेस कार्यालय एमसीबी पहुंचने पर जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और फूलमालाओं से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया,कार्यालय परिसर में काफी देर तक स्वागत और मुलाकातों का सिलसिला चलता रहा, इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भूपेश बघेल का मनेंद्रगढ़ आगमन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और ऊर्जा का अवसर है,उनके राजनीतिक अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को मजबूती मिलती है, विधायक गुलाब कमरों ने भी उनके आगमन को संगठनात्मक एकजुटता और आपसी संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया,मनेंद्रगढ़ विधानसभा के विधायक प्रत्याशी रमेश सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व के साथ मुलाकात और संवाद से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने युवाओं और छात्र संगठन के प्रति भूपेश बघेल के मार्गदर्शन एवं सहयोग का उल्लेख किया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचना सभी कांग्रेसजनों के लिए सम्मान और प्रसन्नता का विषय है, उन्होंने बताया कि जिला एवं ब्लॉक स्तर के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उनका स्वागत किया, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने भी उनके आगमन को गौरव और प्रसन्नता का अवसर बताया, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने उनके मार्गदर्शन को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण बताया, जबकि जिला कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि उनके आगमन से जिले के कांग्रेसजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
देवेंद्र यादव से रिश्तों पर सवाल,मुस्कराकर बोले- किससे खराब है भाई मेरा…
मनेंद्रगढ़ प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में राजनीतिक चर्चाओं का एक दिलचस्प प्रसंग उस समय सामने आया,जब उनसे विधायक देवेंद्र यादव के साथ मौजूदा संबंधों को लेकर सवाल किया गया,कभी भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले देवेंद्र यादव के साथ संबंधों की स्थिति जानने के लिए पत्रकार ने पूछा कि क्या अभी भी दोनों के बीच संबंध ठीक हैं? इस पर भूपेश बघेल ने मुस्कराते हुए चुटीले अंदाज में जवाब दिया- ‘किससे खराब है भाई मेरा…’ उनका यह संक्षिप्त जवाब चर्चा का विषय बन गया, राजनीतिक हलकों में इस टिप्पणी को दोनों नेताओं के संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं के संदर्भ में देखा जा रहा है,हालांकि उन्होंने अपने जवाब में किसी मतभेद या विवाद की स्पष्ट पुष्टि नहीं की,उनका अंदाज यह संकेत देता नजर आया कि वे इस सवाल को सहजता से लेते हैं और किसी व्यक्ति के साथ संबंध खराब होने की बात स्वीकार नहीं कर रहे हैं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ विश्व मात्सि्यकी दिवस पर संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजित,400 मत्स्य कृषकों ने लिया हिस्सा

Share झींगा एवं तिलापिया पालन सहित विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी,मत्स्य कृषकों को जाल,आइस …

Leave a Reply