इटानगर,21 नवम्बर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश का विकास, वहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना और शांति कायम रखना पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति का ध्वज (प्रेसिडेंट्स कलर) प्रदान किया जाना राज्य के लोगों के लिए गर्व का विषय है। अमित शाह बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति का ध्वज प्रदान करने के लिए आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), असम राइफल्स और अन्य सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ये बल अरुणाचल प्रदेश और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात रहकर देश की सुरक्षा और शांति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य में स्वीकृत और पूरी की गई विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें सेला सुरंग, ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा, सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं। प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है। इसे अरुणाचल प्रदेश के विकास,देश की ऊर्जा सुरक्षा,राज्य की आय बढ़ाने, रणनीतिक हितों और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर ही इस परियोजना को आगे बढ़ाएगी। इसके लिए स्थानीय समुदायों की संस्कृति,परंपराओं और भावनाओं का सम्मान करते हुए बातचीत और परामर्श के जरिए रास्ता निकाला जाएगा।
प्रस्तावित मेगा बांध को लेकर स्थानीय लोगों, विशेषकर आदि समुदाय की चिंताओं पर अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि सरकार सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत के बाद ही आगे का रास्ता तय करेगी। उन्होंने कहा कि सियांग क्षेत्र के लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार परियोजना से प्रभावित समुदायों की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और भावनाओं से कोई समझौता नहीं करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वे स्वयं और भारत सरकार स्थानीय लोगों, खासकर आदि समुदाय की परंपराओं का गहरा सम्मान करते हैं। भविष्य में परियोजना को लेकर उठाए जाने वाले सभी कदम स्थानीय निवासियों के विश्वास और सहमति से ही तय किए जाएंगे। अमित शाह ने यह भी आश्वासन दिया कि परियोजना से प्रभावित लोगों को देश का सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास और पुनर्स्थापन पैकेज दिया जाएगा। उन्होंने परियोजना का विरोध कर रहे स्थानीय निवासियों और संगठनों से राज्य सरकार के साथ बातचीत करने की अपील की, जिससे कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ भी आगे चर्चा का रास्ता खुल सके।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी 932 अभ्यर्थियों को बधाई दी। इन नियुक्तियों में छह श्रेणियां शामिल हैं। इनमें 14 कांस्टेबल बैंड (आईआरबीएन), 235 कांस्टेबल, 157 महिला कांस्टेबल (सिविल पुलिस), 211 पुरुष कांस्टेबल (सिविल पुलिस), 72 फायरमैन और स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के 243 कर्मी शामिल हैं।-
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur