19 लोगों की जान लेने वाला हाथी उदयपुर जनपद कार्यालय के सामने जंगल में कर रहा विचरण,हाईवे से 800 मीटर दूर मौजूदगी के बाद उदयपुर-सलका मार्ग बंद
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। 19 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी का रेस्क्यू करने के बाद भी क्षेत्र में खतरा टला नहीं है। ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने के बाद जंगल में छोड़ा गया हाथी अब अपने झुंड से अलग होकर फिर आबादी के करीब पहुंच गया है। उदयपुर जनपद कार्यालय के सामने स्थित जंगल में उसकी मौजूदगी मिलने के बाद वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। एहतियातन उदयपुर-सलका मार्ग पर आवाजाही बंद करा दी गई है। कबरा हाथी जिस जंगल में विचरण कर रहा है, वह अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे से महज 800 मीटर दूर है। ऐसे में हाथी के अचानक सडक या आबादी की ओर आने से हादसे की आशंका बनी हुई है। वन विभाग कॉलर आईडी के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक करने के साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी कर रहा है। पिछले छह महीने में 19 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया था। उदयपुर वन परिक्षेत्र में उसे ट्रेंकुलाइज करने के लिए टीम को लगातार छह दिनों तक मशक्कत करनी पड़ी। तीन-चार दिन पहले उसे बेहोश कर गले में कॉलर आईडी लगाई गई थी। रेस्क्यू के दौरान उसे दो दिनों तक जंजीरों से बांधकर रखा गया। इस बीच उसके साथ विचरण करने वाला 17 हाथियों का दल उससे अलग होकर आगे निकल गया। बाद में कबरा को जंजीरों से मुक्त कर जंगल में छोड़ दिया गया।
झुंड से अलग होने के बाद व्यवहार में बदलाव : डीएफओ ललित पटेल ने बताया कि हाथी को ट्रेंकुलाइज कर जंगल में छोड़ दिया गया है। ड्रोन के माध्यम से उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पिछले कुछ दिनों से उसके व्यवहार में परिवर्तन भी देखा जा रहा है। उसके साथ रहने वाला 17 हाथियों का दल उससे दूर चला गया है। ऐसे में कबरा फिलहाल अकेले विचरण कर रहा है।
गांवों में मुनादी, जंगल की ओर जाने से रोका : हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है। ग्रामीणों को जंगल और हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। विभाग की टीम लगातार उसकी लोकेशन पर नजर रख रही है, ताकि उसे आबादी से दूर रखा जा सके।
और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur