Breaking News

अम्बिकापुर@ तीज की ऑनलाइन प्रतियोगिता में भी दिखा महिलाओं का उत्साह

Share


समभाव महिला मंच ने घोषित किए परिणाम,मुक्ता गुप्ता प्रथम,गायत्री सिन्हा द्वितीय और श्रद्धा सोनी तृतीय
-संवाददाता-
अम्बिकापुर04 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
तीज के रंग,परंपरा और महिलाओं के उत्साह को डिजिटल मंच पर भी जीवंत रखने की पहल समभाव महिला मंच ने की। मंच की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली ऑनलाइन तीज उत्सव प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। इसमें महिलाओं ने तीज के पारंपरिक स्वरूप,श्रृंगार और उत्सव से जुड़े अपने अंदाज को ऑनलाइन साझा किया। प्रतियोगिता में मुक्ता गुप्ता ने प्रथम, गायत्री सिन्हा ने द्वितीय और श्रद्धा सोनी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं रेखा इंगोले और संगीता सोनी को विशेष पुरस्कार के लिए चुना गया। तीज केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं,बल्कि महिलाओं के लिए मिलन, उल्लास और अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी माना जाता है। छत्तीसगढ़ में तीजा-पोरा की परंपरा में महिलाओं की भागीदारी के साथ पारंपरिक गीत, झूले और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी उत्सव का हिस्सा रहती हैं। इसी भाव को आधुनिक माध्यम से जोड़ते हुए समभाव महिला मंच ने ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में अलग-अलग समाज की महिलाओं की सहभागिता रही। मंच का उद्देश्य विभिन्न समाजों की महिलाओं को एक साझा मंच पर जोड़ना और आपसी मेल-जोल, सौहार्द एवं सहभागिता को बढ़ावा देना है। तीज के दौरान सोलह श्रृंगार, मेहंदी, पारंपरिक परिधान और शिव-पार्वती की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं में हरतालिका तीज को माता पार्वती की तपस्या और भगवान शिव से उनके विवाह से जुड़ा पर्व माना गया है।
जल्द होगा विजेताओं का सम्मान
समभाव महिला मंच की संयोजिका वंदना दत्ता ने प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंच सभी समाज की बहनों को एक साथ जोड़ने का प्रयास करता है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को शीघ्र ही आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। मंच की ओर से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही गई।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ पुलिसकर्मियों और परिजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर हुआ आयोजित

Share करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों व आश्रितों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराया स्वास्थ्य परीक्षण अंबिकापुर, …

Leave a Reply