सियाधेश म्यूजिक बैंड के साथ 23 सितंबर को रायगढ़ के रामलीला मैदान में बिखेरेंगे संगीत का रंग
-संवाददाता-
रायगढ़/बैकुंठपुर,20 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित चक्रधर समारोह-2026 के मंच पर कोरिया जिले के युवा गायक एवं कलाकार आयुष नामदेव अपनी टीम ‘सियाधेश म्यूजिक बैंड’ के साथ विशेष प्रस्तुति देंगे,23 सितंबर को रायगढ़ के रामलीला मैदान में होने वाली इस प्रस्तुति को लेकर कोरिया जिले के कला एवं संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयुष नामदेव के लिए यह अवसर इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे कोरिया जिले से चक्रधर समारोह जैसे प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंच पर अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देने वाले कलाकार के रूप में पहचान बना रहे हैं,उनके चयन से जिले के कलाकारों और संगीत से जुड़े युवाओं में भी उत्साह का माहौल है,41वें चक्रधर समारोह-2026 का आयोजन 14 से 23 सितंबर तक किया जा रहा है,समारोह में शास्त्रीय संगीत, लोककला, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं,इसी क्रम में 23 सितंबर को आयुष नामदेव एवं सियाधेश म्यूजिक बैंड की प्रस्तुति होगी। लाइव बैंड प्रस्तुति से दर्शकों से होंगे रूबरू-आयुष नामदेव अपनी टीम के साथ गायन और लाइव म्यूजिकल बैंड की प्रस्तुति देंगे, सियाधेश म्यूजिक बैंड में विभिन्न वाद्य यंत्रों एवं संगीत विधाओं से जुड़े कलाकार शामिल हैं। मंच पर लाइव प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को संगीत का अलग अनुभव देने की तैयारी की गई है,आयुष नामदेव ने चक्रधर समारोह जैसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति का अवसर मिलने पर इसे अपने लिए गौरव और सम्मान का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि कोरिया जिले, सरगुजा संभाग और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है, उन्होंने इस अवसर को जिले के संगीत प्रेमियों और कलाकारों के लिए भी खास बताया।
कोरिया के कलाकार को बड़े मंच पर मिला अवसर-चक्रधर समारोह छत्तीसगढ़ की कला एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है,ऐसे मंच पर कोरिया जिले के कलाकार को अपनी टीम के साथ प्रस्तुति का अवसर मिलना स्थानीय कलाकारों के लिए भी उत्साहवर्धक माना जा रहा है,कोरिया से रायगढ़ तक आयुष नामदेव और सियाधेश म्यूजिक बैंड की यह यात्रा स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े सांस्कृतिक मंच से जोड़ने का अवसर है, अब 23 सितंबर को रायगढ़ के रामलीला मैदान में होने वाली प्रस्तुति पर जिले के संगीत प्रेमियों की नजर रहेगी।
कार्यक्रम एक नजर में…
समारोहः 41वां चक्रधर समारोह-2026
कलाकारः आयुष नामदेव
टीमः सियाधेश म्यूजिक बैंड
प्रस्तुतिः गायन एवं लाइव म्यूजिकल बैंड
दिनांकः 23 सितंबर 2026
स्थानः रामलीला मैदान, रायगढ़
आयोजन अवधिः 14 से 23 सितंबर 2026
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur