Breaking News

महासमुंद@कांग्रेसियों ने डिप्टी सीएम साव को दिखाए काले झंडे : महासमुंद में ‘अरुण साव वापस जाओ’ के नारे,सड़कों की बदहाली पर सरकार को घेरा

Share


महासमुंद,22 अगस्त 2026। महासमुंद में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के महासमुंद आगमन पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले की बदहाल सड़कों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक स्थित कांग्रेस भवन के सामने काले झंडे दिखाए। कार्यकर्ताओं ने सिर पर काली पट्टी बांधकर और हाथों में काले झंडे लेकर ‘अरुण साव वापस जाओ’ के नारे लगाए।
काफिले के सामने दिखाए काले झंडे
उपमुख्यमंत्री अरुण साव महासमुंद विधायक की ओर से आयोजित रुद्राभिषेक और हवन-पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके आगमन की सूचना के बाद कांग्रेस ने सड़कों की बदहाली को लेकर विरोध प्रदर्शन की तैयारी की थी। नेहरू चौक से गुजरते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री के काफिले के सामने काले झंडे लहराए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस सुरक्षा के बीच काफिला आगे बढ़कर विधायक कार्यालय की ओर रवाना हो गया।
बीटीआई रोड समेत कई सड़कों की खराब हालत का मुद्दा
कांग्रेस नेताओं ने महासमुंद शहर के बीटीआई रोड (गौरव पथ), तुमगांव रोड, खट्टी और कोना समेत जिले के कई मार्गों की खराब स्थिति को लेकर सरकार और लोक निर्माण विभाग पर सवाल उठाए। पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा कि जिले की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से खराब हैं। बारिश के मौसम में सड़कों पर गड्ढे और कीचड़ की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई है। इससे वाहन चालकों और आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जिले की प्रमुख सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और जरूरी मरम्मत व निर्माण कार्य शुरू किए जाएं।
उपमुख्यमंत्री के दौरे और कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए नेहरू चौक और कांग्रेस भवन के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़कें जनता से जुड़ा बुनियादी मुद्दा हैं और उनकी बदहाली के खिलाफ उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अन्नू चंद्राकर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दाऊलाल चंद्राकर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Share

Check Also

सूरजपुर@ कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में दूर-दराज के मरीजों को मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा

Share विश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर 16 अगस्त से 5 सितंबर तक लाइफलाइन एक्सप्रेस का शिविर,विशेषज्ञ …

Leave a Reply