लखनपुर में भवन निर्माण अटका,जगह की कमी से एक बेड पर दो मरीजों का इलाज

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में वर्ष 2021-22 में स्वीकृत 50 बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन चार-पांच साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य अधूरा रहने से क्षेत्र के हजारों मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। मौजूदा अस्पताल में जगह की कमी के कारण कई बार एक ही बेड पर दो मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है। यह अस्पताल तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। भूमिपूजन के बाद निर्माण शुरू हुआ,लेकिन लंबे समय से काम बंद पड़ा है। भवन अधूरा होने से अस्पताल प्रबंधन सीमित कमरों में ही ओपीडी,भर्ती मरीजों और प्रशासनिक कार्यों का संचालन करने को मजबूर है। लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर करीब 74 ग्राम पंचायतों के लोगों की निर्भरता है। इसके अंतर्गत तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कई उप स्वास्थ्य केंद्र आते हैं। रेफर मरीजों,गर्भवती महिलाओं और सामान्य मरीजों की संख्या अधिक होने से अस्पताल में लगातार बेड की कमी बनी रहती है। प्रसव कक्ष टूटने के बाद वैकल्पिक कमरे में प्रसव कराए जा रहे हैं,जबकि दवाओं के सुरक्षित भंडारण में भी परेशानी हो रही है।
निर्माण पर सियासत तेज : पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने निर्माण कार्य रुकने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार बदलने से विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जनता का पैसा है और मौजूदा सरकार को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराना चाहिए। वहीं भाजपा लखनपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने निर्माण में देरी के लिए ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि ठेकेदार की धीमी कार्यप्रणाली के कारण कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। उसे ब्लैकलिस्ट कर नए सिरे से टेंडर जारी कर निर्माण पूरा कराया जाएगा।
ठेकेदार ने भुगतान नहीं मिलने का लगाया आरोप…
दूसरी ओर ठेकेदार का कहना है कि भवन का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। विभाग से भुगतान नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य रोकना पड़ा। भुगतान होने के बाद ही शेष कार्य शुरू किया जाएगा।
बीएमओ बोले…जल्द होगा नया टेंडर
बीएमओ लखनपुर ने स्वीकार किया कि भवन अधूरा होने से अस्पताल में कई व्यावहारिक समस्याएं हैं। उन्होंने बताया कि मंत्री के निर्देश पर जल्द नया टेंडर जारी करने की प्रक्रिया होगी, जिसके बाद निर्माण कार्य फिर शुरू होने की उम्मीद है। अस्पताल भवन का निर्माण पूरा होने का इंतजार अब केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं,बल्कि पूरे लखनपुर क्षेत्र के हजारों मरीज और ग्रामीण भी कर रहे हैं। फिलहाल अधूरा भवन स्वास्थ्य सुविधाओं से अधिक राजनीतिक खींचतान का प्रतीक बन गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur